Home » ताजा खबरें » विधानसभा के बजट सत्र की अधिसूचना जारी, 16 बैठकों में होगी अहम चर्चा…

विधानसभा के बजट सत्र की अधिसूचना जारी, 16 बैठकों में होगी अहम चर्चा…

लाइव हिमाचल/शिमला : राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की संस्तुति के बाद विधानसभा के बजट सत्र को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के जारी होते ही सवालों के पूछने का सिलसिला शुरू हो गई है। बजट सत्र 10 से 28 मार्च तक चलेगा, जिसमें 16 बैठकें होंगी। सत्र के पहले दिन 10 मार्च को अपराह्न 2 बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इसके बाद 11 मार्च को सदन में शोकोद्गार होंगे तथा राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का प्रस्तुतिकरण एवं चर्चा आरम्भ होगी, जो 12 व 13 मार्च को भी जारी रहेगी। चर्चा के उपरान्त इसका पारण होगा और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इसका उत्तर देंगे। इसके बाद 14 मार्च को होली का अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जिनके पास वित्त विभाग भी है, 17 मार्च को बजट अनुमान वित्तीय वर्ष, 2025-2026 को सदन में प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद 18 से 20 मार्च तक बजट अनुमान वित्तीय वर्ष, 2025-2026 पर सामान्य चर्चा शुरू होगी तथा 21 मार्च को इसका समापन होगा। सत्र के दौरान 22 और 27 मार्च के दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किए गए हैं। सदन में 24 से 26 मार्च तक बजट अनुमान वित्तीय वर्ष, 2025-2026 की मांगों पर चर्चा एवं मतदान होगा, जबकि 26 मार्च को मांगों पर चर्चा एवं मतदान तथा विनियोग विधेयक की पुर-स्थापना तथा विचार-विमर्श एवं पारण होगा। विधानसभा के शिमला में होने वाले बजट सत्र के दौरान सुरक्षा घेरा बढ़ेगा। इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष प्रदेश सरकार, पुलिस एवं जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। सत्र से पहले जहां कांग्रेस और भाजपा विधायक दल अपनी रणनीति तय करने के लिए अलग-अलग बैठकें करेंगे, वहीं विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की तरफ से सर्वदलीय बैठक को भी बुलाया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बजट सत्र के लिए पक्ष-विपक्ष से सहयोग की अपेक्षा की है। उन्होंने बताया कि सत्र को लेकर अधिसूचना जारी होते ही सवालों के ऑनलाइन और ऑफलाइन पूछने का सिलसिला शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि इस बार सत्र में 16 बैठकें निर्धारित की गई हैं, जिसमें पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा और 17 मार्च को मुख्यमंत्री बजट प्रस्तुत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *