Home » ताजा खबरें » हिमाचल प्रदेश के 3 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट, 19 फरवरी को पूरे प्रदेश में सूखे का दौर टूटेगा…

हिमाचल प्रदेश के 3 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट, 19 फरवरी को पूरे प्रदेश में सूखे का दौर टूटेगा…

Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में आज और कल दो दिन मौसम साफ रहेगा. परसों से पश्चिमी विक्षोभ (WD) सक्रिय हो रहा है. इसके चलते 16 और 17 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इस दौरान अन्य इलाकों में मौसम साफ रहेगा. 18 फरवरी को प्रदेश के ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी का पूर्वानुमान है. 19 फरवरी को पूरे प्रदेश में शुष्क दौर टूट सकता है. इस दिन अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश व बर्फबारी हो सकती है.

3 जिलों में शीतलहर की चेतावनी

इस बीच, मौसम विभाग ने आज 3 जिलों में शीतलहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. यह चेतावनी ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों को दी गई है. रात और सुबह के समय इन जिलों में शीतलहर की वजह से परेशानी हो सकती है.

शीतलहर के चलते तापमान में गिरावट

रात और सुबह के समय प्रदेश के मैदानी इलाकों में शीतलहर के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. कई शहरों में रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक नीचे चला गया है. ऊना का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री की गिरावट के बाद 1.2 डिग्री पर पहुंच गया है. प्रदेश के चार शहरों का पारा माइनस में है. ताबो का न्यूनतम तापमान -9.9 डिग्री, कुकुमसरी का -5.1 डिग्री, केलांग का -7.6 डिग्री और कल्पा का -3.2 डिग्री तक लुढ़क गया है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतर शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.

सर्दी के मौसम में सामान्य से 77 फीसदी कम बारिश

मौसम विभाग के अनुसार इस बार सर्दी के मौसम में सामान्य से 77 फीसदी कम बारिश हुई है. 1 जनवरी से 13 फरवरी तक राज्य में सामान्य बारिश 126.5 मिमी होती है, लेकिन इस बार 29.6 मिमी बारिश हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]