Home » ताजा खबरें » 38वें राष्ट्रीय खेल: हिमाचल महिला कबड्डी की बड़ी जीत, हरियाणा को दी पटखनी…

38वें राष्ट्रीय खेल: हिमाचल महिला कबड्डी की बड़ी जीत, हरियाणा को दी पटखनी…

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश की महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही इस टीम ने हरियाणा को दो बार हराकर इतिहास रच दिया। सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र के मिल्लाह गांव की पुष्पा राणा के नेतृत्व में हिमाचल ने फाइनल मुकाबले में हरियाणा को 27-22 से हराकर खिताब पर कब्जा किया। टीम की कप्तान पुष्पा राणा ने शानदार नेतृत्व किया और अपनी रणनीति से फाइनल मैच में अहम भूमिका निभाई। यह दूसरी बार था जब पुष्पा को हिमाचल टीम की कमान सौंपी गई और उन्होंने एक बार फिर खुद को साबित कर दिखाया। मैच के बाद पुष्पा ने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और प्रशिक्षकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों और एसोसिएशन को धन्यवाद दिया। टीम में ज्योति ने अपनी शानदार रेडिंग से विरोधियों को चौंकाया, जबकि भावना और साक्षी ने डिफेंस में शानदार खेल दिखाया। टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे हिमाचल ने खिताबी जीत हासिल की। 11 जनवरी 1998 को जन्मी पुष्पा राणा बचपन से ही कबड्डी के प्रति जुनूनी रही हैं। पांचवीं कक्षा में उन्होंने पहली बार राज्य स्तरीय कबड्डी चैंपियनशिप में भाग लिया और दसवीं तक पहुंचते-पहुंचते प्रोफेशनल कबड्डी की दुनिया में कदम रख दिया। अपने शानदार खेल के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। पुष्पा 2022 में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। वहीं, सोलन जिले के जखेड़ गांव की ज्योति ठाकुर ने भी अपने हौसले और मेहनत से खुद को साबित किया। 2023 में घुटने की गंभीर चोट और ऑपरेशन के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। डॉक्टरों ने लंबे आराम की सलाह दी, लेकिन कबड्डी के प्रति उनके जुनून ने उन्हें मैदान में वापसी के लिए प्रेरित किया। अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से उन्होंने तेजी से रिकवरी की और राष्ट्रीय खेलों में दमदार प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया। पुष्पा की नेतृत्व क्षमता और ज्योति की जुझारू मानसिकता ने हिमाचल टीम को नेशनल चैंपियनशिप में ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस ऐतिहासिक जीत में नालागढ़ के खेलो इंडिया सेंटर की चार खिलाड़ियों – साक्षी शर्मा, ज्योति, पुष्पा और भावना – ने अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा शगुन, शिवानी, जसप्रीत, अंशुल और चंपा ने भी जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इससे पहले सेमीफाइनल में हिमाचल ने राजस्थान और हरियाणा ने महाराष्ट्र को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।खेलो इंडिया सेंटर के कोच संजीव ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की महिला कबड्डी टीम ने एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। पहले अहमदाबाद, फिर गोवा और अब उत्तराखंड में जीत हासिल कर टीम ने अपनी क्षमता को साबित किया है। उन्होंने कबड्डी एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष राज कुमार और युवा सेवाएं एवं खेल विभाग को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस जीत के पीछे कोच गोपाल दास्ता और मैनेजर देविका चौहान का भी बड़ा योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *