Home » क्राइम » डाला टूटने से नौ श्रद्धालुओं कि मौत,सड़क पर बिखरी थीं लाशें; मंजर देख कांप उठे लोग…

डाला टूटने से नौ श्रद्धालुओं कि मौत,सड़क पर बिखरी थीं लाशें; मंजर देख कांप उठे लोग…

किसी की आंतें और किडनियां बाहर निकल गई थी तो किसी का सिर धड़ से अलग था। प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर लौटे श्रद्धालु जगह-जगह शव के पास बैठकर बिलख रहे थे।

लाइव हिमाचल/वाराणसी:वाराणसी-गाजीपुर फोरलेन पर रेवसा गांव के पास हादसा कितना भयानक था, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कदम-कदम पर सड़क पर श्रद्धालुओं के शव पड़े थे। किसी की आंतें और किडनियां बाहर निकल गई थी तो किसी का सिर धड़ से अलग था। प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर लौटे श्रद्धालु जगह-जगह शव के पास बैठकर बिलख रहे थे। हालांकि पुलिस ने एंबुलेंस आने के बाद किसी तरह शवों को उठाकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा। जहां शवों की पहचान के बाद उनके अंग रखे गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसे के बाद किसी ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद, सीओ सिटी सुधाकर पांडेय, नंदगंज थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस प्रभारी मनीष त्रिपाठी, जंगीपुर थानाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह पहुंचे। पुलिसकर्मी भी सौ मीटर के अंदर एक के बाद एक शव पड़े देख विचलित से हो गए। वहीं, स्ट्रेचर पर एक के बाद एक शवों को पुलिस ने उठाया। शाम करीब साढ़े पांच बजे मृतकों के कपड़े, हुलिया और कटे सिर से पहचान हुई। पिकअप सवार श्रद्धालु एक सप्ताह पहले प्रयागराज में महाकुंभ स्नान के लिए निकले थे, जो बृहस्पतिवार को भोर में स्नान करने के याद वहां से निकल गए लेकिन लौटते समय जाम में फंस गए। पिकअप चालक (मालिक) धर्मवीर साहनी के मुताबिक, 24 जनवरी को ये निकले थे। जाम में फंसते-फंसते प्रयागराज पहुंचे। 30 जनवरी को भौर में तीन-चार बजे महाकुंभ में स्नान किया लेकिन जाम के कारण वे झूंसी से आगे नहीं निकल पाए। वहीं रात गुजारी। घायल मुन्नी देवी के मुताबिक वे लोग इसी तरह मचान बनाकर दो पिकअप से गए थे। दूसरे जत्थे का पता नहीं है। आपको बता दें कि गाजीपुर में वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर शुक्रवार को दोपहर में महाकुंभ से गोरखपुर लौट रही पिकअप का डाला टूटने से गिरे नौ श्रद्धालुओं को डंपर ने कुचल दिया। मरने वालों में चार महिलाएं, चार पुरुष और एक बच्ची है। हादसे में किसी का सिर धड़ से अलग हो गया तो किसी की आंतें बाहर आ गई थीं। हाईवे पर मांस के लोथड़े और खून फैल गया था। बाद में शवों की शिनाख्त कपड़ों से की गई। ये सभी गोरखपुर के रहने वाले थे। पिकअप का डाला टूटने से गिरकर 14 लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गोरखपुर जिले के बांसगांव तहसील क्षेत्र के हल्दीचक, खुदीचक, बालोचक आदि गांवों से 25 श्रद्धालु पिकअप से प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने गए थे। शुक्रवार को स्नान के बाद सभी लौट रहे थे। वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर नंदगंज थानाक्षेत्र के रेवसा गांव में पेट्रोल पंप के पास दोपहर 02:40 बजे पिकअप पीछे से आ रहे गिट्टी लदे डंपर की चपेट में आ गया। घायलों के अनुसार, डंपर की चपेट में आने से पिकअप का डाला (बाड़ी) एक तरफ से टूट गया, जिससे उस पर सवार लोग सड़क पर गिर पड़े और डंपर उनको कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर समेत गोरखपुर की तरफ भाग निकला। घटना की जानकारी होने पर डीएम आर्यका अखौरी, एसपी डॉ. ईरज राजा, एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद, एडीएम दिनेश कुमार मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल- चाल लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *