Home » Uncategorized » पूर्व मंत्री एवं सांसद किशन कपूर का निधन, पीजीआई में ली अंतिम सांस…

पूर्व मंत्री एवं सांसद किशन कपूर का निधन, पीजीआई में ली अंतिम सांस…

लाइव हिमाचल/शिमला:हिमाचल प्रदेश के तीन बार के मंत्री रहे और पूर्व भाजपा सांसद किशन कपूर का निधन हो गया है. उन्होंने चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में अंतिम सांस ली. पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने उनके निधन की पुष्टि की है.पूर्व मंत्री और सांसद किशन कपूर ब्रेन हेमरेज के चलते बीते एक सप्ताह से पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन थे और शनिवार सुबह उनका निधन हो गया. किशन कपूर कांगड़ा के धर्मशाला के खनियारा गांव के रहने वाले थे और वह भाजपा सरकार में  तीन बार राज्य सरकार में मंत्री रहे. 2019 में उन्होंने लोकसभा चुनाव में बड़े मार्जन के साथ जीत हासिल की थी.किशन कपूर का जन्म 11 जून 1951 कांगड़ा के खनियारा में हुआ था. उनके पिता का नाम हरि राम है. किशन कपूर ने धर्मशाला कॉलेज से पढ़ाई की थी और भाजपा में आने से पहले वह भारतीय जनसंघ और जनता पार्टी में रहे. साल 1970 में पंजाब यूनिवर्सिटी से इंटर तक की पढ़ाई की.भाजपा के दिग्गज नेता किशन कपूर पांचवीं बार विधायक रहे. उन्होंने साल 1990 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता था. इसके बाद वह 1993, 1998, 2007 और 2017 में विधायक चुने गए.साल 1998 में भाजपा सरकार में तीन साल तक मंत्री रहे. इसके बाद, 2007 में धूमल सरकार में परिवहन और उद्योग मंत्री बनाए गए.  2017 की जयराम सरकार में किशन कपूर को खाद्य आपूर्ति मंत्री बनाया गया. लेकिन बाद में भाजपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव में उतारा था.  उधर, कांगड़ा से सांसद रहे शांता कुमार को किशन कपूर का राजनीतिक गुरु माना जाता है. किशन कपूर गद्दी समुदाय से आते हैं.पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने उनके निधन पर शोक जताया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री व सांसद श्री किशन कपूर जी के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है. भाजपा परिवार ने एक बड़े नेता को खोया है, इस क्षति की भरपाई असंभव है. किशन कपूर जी ने बतौर मंत्री प्रदेश के विकास एवं जनता के कल्याण हेतु अहम भूमिका निभाई है, उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा. किशन कपूर जी के साथ मेरा लंबे समय का संबंध रहा है, पार्टी से लेकर सरकार में उनके साथ काम करने का अवसर मिला.जयराम ने कहा कि स्वर्गीय किशन कपूर बेहद सरल, सौम्य और सुलझे व्यक्ति और राजनेता थे, उनका निधन हिमाचल प्रदेश की एक बड़ी क्षति है, हिमाचल के विकास में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *