Home » ताजा खबरें » घर के आंगन से तेंदुए ने उठाई 5 साल की बच्ची, माता- पिता ने दिखाया अद्भुत साहस…

घर के आंगन से तेंदुए ने उठाई 5 साल की बच्ची, माता- पिता ने दिखाया अद्भुत साहस…

Oplus_131072

लाइव हिमाचल/शिमला:हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। चंजालपुल के पास रहने वाले नेपाली मजदूर प्रकाश नेपाली की पांच वर्षीय बेटी अनुषा पर तेंदुए ने हमला कर दिया। यह घटना शाम करीब 7:00 से 7:30 बजे के बीच हुई, जब अनुषा अपने डेरा से बाहर आंगन में निकली थी। तेंदुआ पहले से घात लगाए बैठा था और मौका मिलते ही बच्ची को उठाकर जंगल की ओर भाग गया।तेंदुए के इस अचानक हमले के बाद बच्ची के माता-पिता ने अद्भुत साहस दिखाया। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और तेंदुए का पीछा किया। माता-पिता के इस शोर और दबाव के कारण तेंदुआ कुछ दूरी पर बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। उनकी इस त्वरित कार्रवाई ने मासूम बच्ची की जान बचा ली।घटना के बाद घायल बच्ची को तुरंत सिविल अस्पताल नेरवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची की पीठ और कंधे पर जख्म हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की हालत स्थिर बताई गई और वह अब खतरे से बाहर है।इस घटना ने इलाके के गांवों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में तेंदुए की मौजूदगी पहले से महसूस की जा रही थी, लेकिन इस तरह के हमले की किसी ने उम्मीद नहीं की थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्ची अब खतरे से बाहर है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि माता-पिता ने उस समय साहस और सतर्कता नहीं दिखाई होती,तो बच्ची की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *