Home » Uncategorized » पुरुष वॉलीबाल टीम के ट्रायल रद्द, नए सिरे से होगा चयन…

पुरुष वॉलीबाल टीम के ट्रायल रद्द, नए सिरे से होगा चयन…

लाइव हिमाचल/शिमला: इंदिरा गांधी खेल परिसर शिमला में 26 दिसंबर को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए पुरुष और महिला टीम के ट्रायल हुए थे। जब पुरुष वर्ग की टीम के लिए चयनित किए खिलाड़ियों की सूची सामने आई तो ट्रायल में शामिल हुए कुछ खिलाड़ियों ने चयन प्रक्रिया को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया। चयनकर्ताओं पर धांधली का आरोप लगाते हुए उन्होंने पहले नेशनल खेल चुके खिलाड़ियों को बाहर करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और प्रभावशाली व्यक्तियों से जुड़े खिलाड़ियों को चुना गया। ऐसे में जो अच्छे खिलाड़ी थे, वे टीम में शामिल नहीं हो पाए। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ी उदित ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर एक कोच पर आरोप लगाया था कि उन्होंने बेटे को टीम में जगह देने के लिए योग्य खिलाड़ियों को ही नजरअंदाज कर दिया। कुछ खिलाड़ी मामले में मुख्यमंत्री से मिले तो उन्होंने खेल विभाग के निदेशक को जांच के आदेश दिए। जांच के बाद अब ट्रायल रद्द कर दिए गए। टीम का चयन करने के लिए हिमाचल समेत अन्य राज्यों से खिलाड़ी बुलाए गए थे। वहीं, अर्जुन अवॉर्डी संजय फोगाट चयन समिति के पर्यवेक्षक तैनात थे। जम्मू कश्मीर से अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल कोच मोहम्मद तारीख और खिलाड़ी रणवीर सिंह भी चयन समिति में शामिल रहे। विवाद के बाद सदस्य फोगाट ने सभी आरोप खारिज कर दिए थे। युवा सेवा एवं खेल निदेशालय के अतिरिक्त निदेशक हितेश आजाद ने कहा कि टीम के चयन के लिए नए सिरे से ट्रायल एडहॉक कमेटी वॉलीबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया (वीएफआई) के पर्यवेक्षक एवं चयनकर्ताओं की देखरेख में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने दावा कि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होगी। ट्रायल की नई तिथि जल्द तय की जाएगी। भाजपा के सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि खेलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। वाॅलीबाल टीम का सीनियर नेशनल के लिए चयन हो चुका है। अब ऐसी क्या नौबत आन पड़ी है कि टीम का चयन दोबारा करना पड़ रहा है। 5 को टीम ने खेलने जाना है। अभी कैंप भी नहीं लगा। सरकार टीम बदलने का काम कर रही है। जयपुर में होने वाले नेशनल वॉलीबाल टूर्नामेंट के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम में शिमला के जुब्बल से सुनील कुमार, तविश शर्मा, रोहडू से ईशान ठाकुर, रमन, सुमेश, अमित रांटा, कार्तिक वर्मा, चिड़गांव से दिशांत राजा चुने गए थे। जबकि जुब्बल के सचिन रावत और रोहडू के अक्षय को रिजर्व में रखा था। अब दोबारा से ट्रायल होने के बाद इनमें से कितने खिलाड़ी टीम में सिलेक्ट होंगे, इस पर ट्रायल के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]