Home » ताजा खबरें » टुंडी स्कूल को 18 माह में मिलेगा नया भवन: कुलदीप सिंह पठानिया

टुंडी स्कूल को 18 माह में मिलेगा नया भवन: कुलदीप सिंह पठानिया

लाइव हिमाचल/चंबा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने नव वर्ष 2025 के प्रथम दिन राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टुंडी में बनने वाले स्कूल भवन का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टुंडी में 5 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से बनने वाले स्कूल भवन का निर्माण कार्य 18 माह के भीतर पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का सर्वांगीण एवं संतुलित विकास प्रदेश सरकार की उच्च प्राथमिकता है जिसके तहत भटियात  विधानसभा क्षेत्र में भी गत दो वर्षों के दौरान सड़क शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि सिंहुता से लाहड़ू  तक डबल लेन सड़क पर 52.34 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा समोट – दरम नाला सड़क पर समोट घार में भूस्खलन की रोकथाम के लिए 18.75 करोड रुपए, टुंडी – धरूं सड़क पर 6.17 करोड़ रुपए, बनेट – मोरठू सड़क पर 88 लाख रुपए, भराड़ी – कुर्ला सड़क पर 88 लाख रुपए, सेरला दा बासा वाया पटियां सड़क पर 87 लाख रुपए तथा गांव सामूं के संपर्क सड़क के लिए 89 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं के विकास की श्रृंखला में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ढांचागत विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है उन्होंने कहा कि पिछले करीब 3 दशकों में भटियात विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने अपने वर्तमान कार्यकाल में शिक्षकों के विभिन्न वर्गों की लगभग 3500 नई भर्तियां की है। प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में सबसे ज्यादा भर्तियां शिक्षा विभाग में होने जा रही हैं जिससे निकट भविष्य में इस क्षेत्र में भी शिक्षकों की आवश्यकताओं को पूरा कर लिया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश सरकार निकट भविष्य में गेस्ट टीचर नीति के तहत शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने जा रही है, ताकि तुरंत प्रभाव से शिक्षकों की कमी को पूरा किया जा सके। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सामुदायिक भवन, लाइब्रेरी भवन, खेल मैदान तथा श्मशान घाट के निर्माण संबंधी मांगों को अति शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने और नशे के आदि लोगों के पुनर्वास के लिए संकल्पबद्ध है। सरकार द्वारा युवाओं को नशे चंगुल से बचाने के लिए अनेक सख्त व सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि नशे के आदि लोगों और उनके परिवारों को इससे बाहर निकालकर फिर से समाज की मुख्य धारा में शामिल किया जा सके। कुलदीप सिंह पठानिया ने स्कूली विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे जीवन में कभी भी नशे का सेवन न करने करने का प्रण लें तथा अपने आसपास के अन्य लोगों को भी नशे का सेवन न करने के लिए प्रेरित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]