Home » क्राइम » पुलिस-होटल स्टाफ में झड़प, मैनेजर की संदिग्ध मौत; दूसरा युवक घायल…

पुलिस-होटल स्टाफ में झड़प, मैनेजर की संदिग्ध मौत; दूसरा युवक घायल…

लाइव हिमाचल/चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के बनीखेत से नववर्ष के मौके पर एक दुखद घटना सामने आई है। नेचर वैली रिसोर्ट में फ्रंट मैनेजर सचिन और तिस्सा क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मी अनुप के बीच बहस और मामूली झड़प के दौरान होटल के जनरल मैनेजर राजिंदर सिंह की जान चली गई। घटना बीती रात करीब 1:30 बजे की है। ड्यूटी खत्म होने के बाद होटल में रुके पुलिसकर्मी और फ्रंट मैनेजर के बीच हुई बहस ने गंभीर मोड़ ले लिया, जिसके चलते तीनों सड़क से पार्किंग क्षेत्र की ओर गिर गए। हादसे में जनरल मैनेजर की मौत हो गई, जबकि पुलिस कर्मी और फ्रंट मैनेजर घायल हो गए। यह घटना बीती रात करीब 1:30 बजे की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, होटल में नववर्ष की पार्टी आयोजित की गई थी, जो रात 12 बजे समाप्त हो गई थी। पार्टी के नाकाबंदी पर ड्यूटी के बाद आरक्षी अनुप वापस लौट रहा था, लेकिन स्टाफ ने उसे  खाना खाने के लिए रोक लिया। इसी दौरान किसी बात को लेकर होटल के फ्रंट मैनेजर सचिन से पुलिस कर्मी की बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों होटल के बाहर सड़क की ओर आ गए। होटल के जनरल मैनेजर राजिंदर सिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान तीनों सड़क से फिसलकर पार्किंग की तरफ गिर गए। हादसे में पुलिसकर्मी और फ्रंट मैनेजर को भी चोटें आईं, जबकि गंभीर हालत में होटल के जनरल मैनेजर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत हो रहा है कि यह घटना हत्या की मंशा से नहीं हुई, इसलिए पुलिस गैर इरादतन हत्या के पहलू से भी जांच कर रही है। डलहौजी के डीएसपी हेमंत ठाकुर ने बताया कि घटना के तुरंत बाद जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है और मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। बहरहाल, यह घटना हिमाचल प्रदेश में नववर्ष के जश्न के बीच एक दुखद स्मृति बन गई। पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *