Home » ताजा खबरें » मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड, पहाड़ों पर चढ़ा पारा; अगले 3 दिन तक शीतलहर की चेतावनी जारी…..

मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड, पहाड़ों पर चढ़ा पारा; अगले 3 दिन तक शीतलहर की चेतावनी जारी…..

लाइव हिमाचल/शिमला : हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मैदानी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और पहाड़ों पर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। कल्पा में 33 वर्ष बाद सोमवार 16 दिसंबर को माह का अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पूर्व 1991 में कल्पा में दिसंबर का अधिकतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया था। शिमला में 2017 के बाद अधिकतम तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया, जो 21 डिग्री तक पहुंच गया। 2017 में शिमला का अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान में गिरावट के बावजूद शिमला में 10.5, जबकि कुफरी का 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार ऊना, मंडी, कांगड़ा व बिलासपुर में आगामी तीन दिन तक शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में ठंड का प्रकोप यूं ही जारी रहेगा। न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया जा रहा है।

लाहुल की चोटियों सहित रोहतांग दर्रे में सोमवार दोपहर बाद बर्फ के फाहे गिरे। हालांकि, पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान जारी था, लेकिन रोहतांग सहित आसपास के क्षेत्रों में बर्फ के फाहे गिरने से घाटी में शीतलहर और बढ़ गई है। रोहतांग सहित शिंकुला, बारालाचा व कुंजम दर्रे में हल्का हिमपात हुआ। सोमवार को सबसे ठंडे क्षेत्र ताबो में न्यूनतम तापमान -10.6 डिग्री रहा, वहां दिन का तापमान 5.5 डिग्री की वृद्धि के साथ 22.7 डिग्री दर्ज किया गया। जो ऊना के तापमान 21.8 डिग्री से अधिक रहा। प्रदेश में धर्मशाला में सबसे अधिक गर्म दिन रहा और अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया।पर्यटन कारोबारियों को हिमपात का इंतजार

पर्यटन नगरी मनाली के पर्यटन कारोबारियों को और किसानों बागवानों को हिमपात का इंतजार है। मौसम की बेरुखी पर्यटन कारोबार पर भारी पड़ गई है। नवंबर के बाद अब दिसंबर भी लोगों को निराश कर रहा है। सुबह शाम ठंड का कहर लगातार जारी है। धूप खिलने के बाद ठंड से राहत मिल रही है। सोमवार सुबह धूप खिली लेकिन दोपहर बाद घाटी में बादल छा गए। इस कारण लोगों को ठंड का सामना करना पड़ा। सिस्सू के शेती नाले में जबकि कोकसर के समीप जमे झरने में चहलकदमी कर पर्यटक अपने मन को बहला रहे हैं। पर्यटन कारोबारियों प्रीतम, मनोज, अनिल, संजय व रोशन ठाकुर ने कहा कि लंबे समय से सूखा पड़ा हुआ है। यह पर्यटन कारोबार के साथ कृषि-बागवानी के लिए भी ठीक नहीं है। हिमपात न होना पर्यटन कारोबार के लिए सही संकेत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *