Home » ताजा खबरें » समोसे और मुर्गे पर राजनीति करना भाजपा के लिए छोटी बात : शांतनु

समोसे और मुर्गे पर राजनीति करना भाजपा के लिए छोटी बात : शांतनु

लाइव हिमाचल/धर्मशाला : मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, भाषा और जातियों पर राजनीति करने वाली भाजपा के लिए समोसा और मुर्गा पर राजनीति करना छोटी बात है। कांग्रेेस इस पर ध्यान नहीं देती है। बिलासपुर में प्रदेश सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल के जश्न में जनसमर्थन को देखने के बाद अब भाजपा केवल आक्रोश ही कर सकती है। रविवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कांगड़ा-चंबा पर्यवेक्षक शांतनु चौहान ने कहा कि भाजपा ने सरकार को गिराने के बड़े प्रयास किए, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके। इस दौरान कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक इंदौरा मलेंद्र राजन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन का पुनर्गठन किया जा रहा है। इसके लिए रविवार को जिला कांगड़ा के नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर फीडबैक लिया है। जनवरी के अंत या फरवरी के मध्य तक संगठन के नए पदाधिकारियों की तैनाती कर दी जाएगी। संगठन में युवाओं और यदि किसी कार्यकर्ता की अनदेखी हुई है तो उसको आगे लाया जाएगा। संगठन में पहले ब्लॉक और जिला स्तर पर कमेटियों का गठन होगा, उसके बाद राज्य स्तर पर नियुक्तियां की जाएंगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कांगड़ा-चंबा पर्यवेक्षक शांतनु चौहान ने कहा कि कांग्रेस से भाजपा में गए विधायकों से पार्टी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता मजबूती से संगठन-पार्टी के साथ खड़े हैं। बिलासपुर में सरकार के जश्न के दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को बोलने से रोकने के सवाल पर शांतनु ने कहा कि उन्हें बोलने से नहीं रोका गया है। हो सकता है कि उन्हें कुछ और बिंदुओं पर बोलने के लिए कहा गया हो। इसकी ज्यादा जानकारी प्रतिभा सिंह ही दे सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *