नाहन : समूचे देश में वीरवार को देव दीपावली का पर्व उत्साह और हर्षोल्लास से मनाया गया। 1621 में बसे नाहन शहर के रानीताल, पक्का टैंक व कालीस्थान तालाब में बड़ी संख्या में लोगों ने दीप जलाए। इससे तालाब खासकर रानीताल सुनहरी रोशनी से जगमगा उठा। बड़ी संख्या में स्त्री-पुरुष, बच्चे व बुजुर्ग भी देव दीपावली मनाने रानीताल में पहुंचे। खील पताशे, अखरोट व मिठाई इत्यादि से पूजा अर्चना की गई। बता दें, कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाने वाली देव दीपावली विशेष रूप से उत्तर भारत में धूमधाम से मनाई जाती है। इसे देवताओं की दीपावली भी कहा जाता है, क्योंकि ऐसा माना जाता है कि इस दिन देवता पृथ्वी पर आकर दीपोत्सव मनाते हैं।
दंत कथाओं के अनुसार एक बार धरती पर त्रिपुरासुर नामक राक्षस का आतंक बहुत ज्यादा बढ़ गया। उसके आतंक से मानवों सहित देवता भी बहुत ज्यादा त्रस्त थे। ऐसे में सभी देवताओं ने भगवान शिव की शरण में जाकर राक्षस के वध की गुहार लगाई। भगवान शिव ने देवताओं की गुहार पर राक्षस का वध कर सभी को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी।
राक्षस का वध करने के बाद जब भगवान शिव वापिस काशी पहुंचे थे तो सभी मानवों और देवताओं ने दीए जलाकर उनका भव्य स्वागत किया था। तब से ही देव दीपावली मनाने की परंपरा चली आ रही है। ऐसा भी माना जाता है कि देव दीपावली का पर्व को मनाने की परंपरा दीपावली से भी पहले की है। इस पर्व को उत्तर व मध्य भारत में अधिक संख्या में मनाया जाता है।





