आज 16 नवंबर 2024 है। आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस है। हर साल 16 नवंबर को भारत में राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है। भारत में स्वतंत्रता और जिम्मेदार प्रेस के जश्न मनाने के लिए यह दिन मनाया जाता है।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस
यह दिन भारतीय प्रेस परिषद की स्थापना का भी प्रतीक है। इस दिन इसने एक वैधानिक और अर्ध-न्यायिक प्रतिष्ठान के रूप में कार्य करना शुरू किया। लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के नाते भारत को एक जीवंत और समतावादी लोकतंत्र के रूप में विकसित करने में मदद करने के लिए प्रेस और मीडिया की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। पत्रकार और प्रेस के सदस्य समाज के लिए एक आईने के रूप में काम करते हैं। पत्रकार किसी भी सरकारी एजेंसी या निजी संस्था के लिए या उसके खिलाफ बिना किसी डर या पक्षपात के सच्चाई सामने लाते हैं।
भारत की रैंक
रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (आरएसएफ) के अनुसार, विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में भारत का स्कोर पिछले वर्ष की तुलना में 62 से गिरकर 2024 में 31.28 हो गया है। हालांकि, भारत की रैंक 2023 में 161 से सुधरकर 2024 में 159 हो गई है, लेकिन ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि अन्य देशों की रैंकिंग में गिरावट आई है।
आखिर क्यों राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है
प्रथम प्रेस आयोग ने भारत में प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा एवं पत्रकारिता में उच्च आदर्श कायम करने के उद्देश्य से एक ‘प्रेस परिषद’ की कल्पना की थी। परिणाम स्वरूप 4 जुलाई 1966 को भारत में Press Council की स्थापना की गई, जिसने 16 नंवबर 1966 से अपना विधिवत कार्य शुरू किया। तब से लेकर आज तक हर साल 16 नवंबर को ‘राष्ट्रीय प्रेस दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
इस दिवस का मूल उद्देश्य ‘प्रेस की आजादी’ के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना है। साथ ही ये दिन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बनाए रखने और उसका सम्मान करने की प्रतिबद्धता की बात करता है। प्रेस की आजादी के महत्व के लिए दुनिया को आगाह करने वाला ये दिन बताता है कि लोकतंत्र के मूल्यों की सुरक्षा और उसे बहाल करने में मीडिया अहम भूमिका निभाता है। इस कारण सरकारों को पत्रकारों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करनी चाहिए। जबकि वर्तमान समय में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित ना होने के कारण आए दिन पत्रकारों की हत्त्या की खबरे अखबार की सुर्खियों में देखने को मिलती है। जो सभ्य समाज के लिए शर्म की बात है। आज पत्रकारिता का क्षेत्र व्यापक हो गया है। पत्रकारिता जन-जन तक सूचनात्मक, शिक्षाप्रद एवं मनोरंजनात्मक संदेश पहुंचाने की कला एवं विधा है। समाचार पत्र एक ऐसी उत्तर पुस्तिका के समान है जिसके लाखों परीक्षक एवं अनगिनत समीक्षक होते हैं। अन्य माध्यमों के भी परीक्षक एवं समीक्षक उनके लक्षित जनसमूह ही होते हैं। तथ्यपरकता, यथार्थवादिता, संतुलन एवं वस्तुनिष्ठता इसके आधारभूत तत्व है। परंतु, इनकी कमियां आज पत्रकारिता के क्षेत्र में बहुत बड़ी त्रासदी साबित होने लगी है। पत्रकार चाहे प्रशिक्षित हो या गैर प्रशिक्षित, यह सबको पता है कि पत्रकारिता में तथ्यपरकता होनी चाहिए। परंतु तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर, बढ़ा-चढ़ा कर या घटाकर सनसनी बनाने की प्रवृति आज पत्रकारिता में बढ़ने लगी है।





