शिमला: हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक 16 नवंबर को होगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में हाईकोर्ट की ओर से सीपीएस को लेकर दिए गए फैसले के अलावा कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसमें विधानसभा शीतसत्र की तारीख पर भी निर्णय लिया जा सकता है। विभागों में रिक्त पड़े पदों, सरकार के दो साल पूरे होने पर भी कार्यक्रम को लेकर विचार-विमर्श होगा। सरकार की तरफ से शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में करुणामूलक आधार पर नियुक्ति देने से संबंधित विषय को लेकर गठित मंत्रिमंडलीय उपसमिति की सिफारिशों पर बैठक में चर्चा संभव है। इस समय करुणामूलक आधार पर सरकारी विभागों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में नौकरी देने के 3234 मामले लंबित पड़े हैं। मंत्रिमंडल में होम स्टे के लिए नए नियमों पर भी मुहर लग सकती है। इस विषय में भी मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित की गई है। बैठक में रोगी कल्याण समितियों को फिर से क्रियाशील करने को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में गठित एक अन्य मंत्रिमंडलीय उपसमिति की सिफारिशें चर्चा के लिए आने पर आगामी समय में रोगियों के कल्याण के लिए धनराशि एकत्र करने को लेकर निर्णय लिया जा सकता है। इस उपसमिति में राजेश धर्माणी और यादविंदर गोमा सदस्य हैं। विभिन्न सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को भरने पर भी मुहर लग सकती है।





