
शिमला: हिमाचल में कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं, खासकर पुरुषों में फेफड़ों का कैंसर और महिलाओं में स्तन कैंसर के मामले ज्यादा आ रहे हैं। इसके पीछे खानपान सही न होना, ज्यादा उम्र में शादी करना और धूम्रपान करना मुख्य कारण हैं।हिमाचल के सबसे बड़े इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में हर साल औसतन 150 से ज्यादा मामले महिलाओं में स्तन कैंसर के आ रहे हैं। वहीं, 50 साल से अधिक उम्र के लोगों में फेफड़ों के कैंसर के करीब 350 नए मामले दर्ज हो रहे हैं। डॉक्टरों का मानना है कि अगर कैंसर हड्डियों में जाए, तो उसे स्टेज चार में भी ठीक किया जा सकता है। फेफड़ों और शरीर के अन्य हिस्से में जाने से मरीज को बचाना मुश्किल होता है। लोग जागरुक हुए हैं और अस्पताल आ रहे मरीजों को ठीक कर घर भेजा जा रहा है। पहले कैंसर की बीमारी का इलाज महंगा था, अब हिमकेयर और आयुष्मान योजना में निशुल्क उपचार हो रहा है।





