
Shahrukh Khan Death Threat: पिछले कुछ दिनों से बॉलीवुड सेलेब्स को धमकी देने के कई मामले सामने आए हैं, सलमान खान के करीबी बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद एक्टर को कई धमकियां मिलीं, जिनमें कहा गया कि उन्हें जान से मार दिया जाएगा. सलमान खान को मिल रही धमकियों का मामला अभी थमा भी नहीं था कि अब बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख को भी जान से मारने की धमकी मिली है. ऐसे में आज हम आपको बता रहे हैं कि इन मामलों में पुलिस कैसे कार्रवाई करती है और गिरफ्तारी के बाद आरोपी के साथ क्या होता है.
जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से कुछ ऐसे भी लोग धमकी दे देते हैं, जिनका उससे या उसकी गैंग से कोई भी लेना-देना नहीं होता है. ये सब खबरों में आने या फिर फेमस होने के लिए किया जाता है. यानी धमकी को कुछ लोग एक ट्रेंड की तरह फॉलो करने लगते हैं, लेकिन इसके चक्कर में इन लोगों को जेल की हवा खानी पड़ती है और कई महीने तक तो जमानत भी नहीं मिलती है.
कैसे आरोपी को पकड़ती है पुलिस?
शाहरुख खान कंपनी रेड चिली के दफ्तर में फोन करके उन्हें धमकी दी गई है, अब ऐसे मामले में पुलिस सबसे पहले ये पता लगाती है कि ये कॉल कहां से आया है. अगर कॉल भारत से ही आया है तो ये देखा जाता है कि सिम कार्ड किसके नंबर पर है, साथ ही लोकेशन भी ट्रेस होना शुरू हो जाती है. सिम और मोबाइल ट्रैक करने के लिए पुलिस टेलिकॉम कंपनी से भी संपर्क करती है, साथ ही इसके लिए उनके पास ट्रैकिंग डिवाइस भी होते हैं, जो शख्स की हर मूवमेंट का पता लगा लेते हैं. इसके बाद पुलिस और एजेंसियों का खुफिया तंत्र भी एक्टिव हो जाता है और कुछ ही घंटों या फिर दिनों में आरोपी की धर पकड़ हो जाती है.





