Home » Uncategorized » छोटा शिमला आयुर्वेदिक अस्पताल की आर के एस की बैठक, वैलनेस पंचकर्म शुरू करने का लिया फैसला….

छोटा शिमला आयुर्वेदिक अस्पताल की आर के एस की बैठक, वैलनेस पंचकर्म शुरू करने का लिया फैसला….

शिमला : अब छोटा शिमला आयुर्वैदिक अस्पताल में जल्द ही वैलनैस पंचकर्म की सुविधा मुहैया होने वाली है। इस सुविधा को आयुष विभाग आरंभ करेगा। पहले चरण में आयुर्वैदिक जिला अस्पताल शिमला और आयुर्वैदिक कालेज पपरोला में यह सुविधा शुरू की जाएगी। यह निर्णय बुधवार को छोटा शिमला आयुर्वैदिक जिला अस्पताल की आरकेएस की आयोजित बैठक में लिया गया है। बैठक में आयुष एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा सहित आयुष सचिव राखी काहलों, निदेशक आयुष निपुण जिंदल सहित आरकेएस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे। इस बैठक में अस्पताल में आ रही समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा गया, वहीं आगामी समय में वैलनैस पंचकर्म शुरू करने का भी फैसला लिया गया। बैठक में 60 लाख रुपए का बजट आरकेएस कमेटी को खर्च करने की अनुमति दी है। साथ ही अस्पताल में रिसैप्शन बनाने, फायर एक्जिट, बिल्डिंग की मुरम्मत करने की अनुमति दी गई है। आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि 2 वर्ष बाद आयुर्वैदिक अस्पताल छोटा शिमला की आरकेएस की बैठक आयोजित की गई है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से काफी मांगें रखी गई हैं और बजट डिवैल्पमैंट कार्यों पर भी खर्च करने की अनुमति दी गई है।

यहां पर कुछ समस्याएं हैं जिनका भी जल्द निदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैलनैस पंचकर्म बाहरी राज्य में हो रहा है और हिमाचल के लोग भी वहीं जाते हैं। उसी तर्ज पर हिमाचल में भी वैलनैस पंचकर्म शुरू करने के लिए गाइडलाइन तैयार की जाए और रेट फिक्स किए जाएं, जिसके निर्देश विभाग को दे दिए गए हैं। पहले चरण में छोटा शिमला अस्पताल और पपरोला कालेज में वैलनैस पंचकर्म शुरू किया जाएगा। इसके अलावा मनाली, मैक्लोडगंज और शिमला में एचपीटीडीसी के होटल में यह सुविधा दी जाएगी। उसके बाद जिला अस्पतालों में वैलनैस पंचकर्म शुरू किया जाएगा। आयुष मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया और मरीजों से बातचीत कर उन्हें अस्पताल में मिल रही सुविधाओं का जायजा भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *