Home » Uncategorized » हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आज, कई अहम फैसले होंगे

हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आज, कई अहम फैसले होंगे

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक मंगलवार को सचिवालय शिमला में होगी। इसमें कई अहम निर्णय होंगे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने जा रही बैठक में विभिन्न विभागों में रिक्तियां भरने पर निर्णय हो सकते हैं। वन मित्र भर्ती नीति में बदलाव कर 10 अंकों का साक्षात्कार खत्म करने का मामला भी कैबिनेट में मंजूरी के लिए लाया जा सकता है। नई होम स्टे नीति को भी कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है। राज्य के बाहर के लोगों की ओर से चलाए जा रहे होम स्टे अवैध घोषित किए जा सकते हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए घोषित किए ग्रीन कॉरिडोर में 40 चार्जिंग स्टेशनों को भी स्वीकृति दी जा सकती है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 से स्कूल शिक्षकों की तर्ज पर पहली बार कॉलेज प्रवक्ताओं को भी राज्यस्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। उच्च शिक्षा निदेशालय ने पुरस्कार से संबंधित नियमों की फाइल सरकार की मंजूरी को भेजी है। कॉलेजों के पांच प्रवक्ताओं और दो प्रिंसिपलों को पुरस्कार देने की सिफारिश की गई है। बीते पांच साल की एसीआर में वेरी गुड प्राप्त करने वाले प्रवक्ता और दो वर्ष की एसीआर में वेरी गुड प्राप्त करने वाले प्रिंसिपल ही आवेदन करने के लिए पात्र होंगे। प्रवक्ताओं के लिए पांच साल नियमित यूजी-पीजी में पढ़ाने और प्रिंसिपलों के लिए दो वर्ष की नियमित सेवा अनिवार्य की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *