Home » Uncategorized » क्रशरों के टिपरों से परेशान, स्कूली बच्चों के साथ सड़क पर उतरे अभिभावक

क्रशरों के टिपरों से परेशान, स्कूली बच्चों के साथ सड़क पर उतरे अभिभावक

इंदौरा (कांगड़ा)। मिलवां से ठाकुरद्वारा बरोटा सड़क पर दिन और रात को सैकड़ों क्रशर से भरे भारी भरकम वाहन गुजर रहे हैं। इस समस्या को लेकर बुधवार को बकराडबा गांव में बच्चों के अभिभावक सोनू, बलवंत, नेहा, यशपाल, गगन, अविनाश, हरदीप और सुनील आदि ने अपने स्कूली बच्चों को साथ लेकर सड़क पर खड़े होकर स्थानीय प्रशासन के प्रति रोष प्रकट किया। कुछ वर्ष पहले जनता की मांग पर इन वाहनों को चलाने के लिए समयसारिणी बनाई गई थी और देर शाम और सुबह छह बजे तक ही इस सड़क पर रेत-बजरी से भरे वाहनों को चलने के लिए आदेश दिए थे, जिनकी पालना भी हुई। परंतु अब फिर से पूरा पूरा दिन लंबी-लंबी कतारों में टिपर चलना शुरू हो गए हैं। जिस कारण दूर-दूर तक ये टिपर दूसरे वाहनों को क्राॅस करने के लिए पास तक नहीं देते हैं। अभिभावकों ने कहा कि उनके बच्चे पंजाब क्षेत्र के स्कूलों में बसों में आते-जाते हैं। इन टिपरों से उनके बच्चों को हादसों का डर सताता है साथ ही उनकी वर्दी भी इनसे उड़ने वाली धूल से एक दिन में ही खराब हो रही है। वहीं, ये टिपर पास भी नहीं देते हैं, इससे बच्चे रोजाना देरी से स्कूल पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और क्रशर मालिकों से आग्रह किया है कि स्कूली बच्चों की समस्या को देखते हुए सुबह छह बजे से लेकर सुबह नौ बजे तक और दोपहर दो बजे से लेकर चार बजे तक क्रशर सामग्री से भरी गाड़ियों के चलने पर पाबंदी लगाई जाए। उधर, एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि मामले की जांच कर उचित कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *