
नाहन : ऐतिहासिक शहर नाहन में बिजली की तारें कई बार दिवाली की आतिशबाजी जैसी दिखाई देने लगती हैं। सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे नया बाजार के चौक पर अचानक ही बिजली की तारों से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आसपास से गुजरने वाले लोग सहम गए। दुकानदारों को भी आग लगने का खतरा महसूस होने लगा। दुकानदारों के मुताबिक, रात से ही तारों से चिंगारियां निकल रही थीं और उन्होंने बिजली बोर्ड को सूचित भी किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस घटना ने एक बार फिर वही पुराना सवाल खड़ा कर दिया है कि शहर की सड़कों और संकरी गलियों में हाई वोल्टेज करंट की तारों को व्यवस्थित करने के लिए कोई योजना क्यों नहीं बनाई जा रही है?





