शिमला : शिमला जिले के अंतर्गत 2 अलग-अलग जगहों पर हुए सड़कों हादसों में शिक्षक व कपड़ा व्यापारी की मौत हो गई जबकि 2 बच्चे घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार पहला हादसा बालूगंज थाने की जतोग चौकी के तहत पेश आया। यहां अपनी ड्यूटी से क्वार्टर जा रहे एक शास्त्री अध्यापक की कार दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके 2 बेटे घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार शाम करीब 4.30 बजे चनोग पंचायत के साथ लगते गांव का कफलेट के पास एक गाड़ी (एचपी 19-0103) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसे पवन देव (40) पुत्र हरिराम निवासी गांव लोहारघाट तहसील अर्की जिला सोलन चला रहा था। पवन देव वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चनोग में बतौर शास्त्री अध्यापक कार्यरत था, जो स्कूल से अपने 2 बेटों के साथ सायरी स्थित अपने क्वार्टर जा रहा था। इस दौरान गाड़ी सड़क से लगभग 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में पवन देव को गंभीर चोटें आईं, वहीं उसके दोनों बेटे भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा घायलों को उपचार के लिए सायरी अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डाॅक्टरों ने पवन देव को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया है। एएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस मामले में कार्रवाई अमल में ला रही है। दूसरे हादसा चौपाल उपमंडल के तहत खिड़की के पास दिऊंदर में पेश आया। यहां एक वैगनार कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। चौपाल पुलिस थाने में दर्ज रिपोर्ट में नितीश चौहान पुत्र स्वर्गीय रामलाल चौहान निवासी गांव चईंजन डाकघर टिक्करी तहसील नेरवा ने बताया कि वह अपने निजी कार्य से खिड़की नामक जगह पर मौजूद था। इसी दौरान एक वैगनार कार (एचपी 08सी-1777) चौपाल से शिमला की दिशा में आई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में चालक की मौत हो गई, जिसकी पहचान सुनील भिमटा पुत्र स्वर्गीय आत्मा राम निवासी गांव चईंजन डाकघर टिक्करी तहसील नेरवा के रूप में हुई है। बताया गया है कि सुनील भिमटा नेरवा में कपड़ों की दुकान करता था। डीएसपी चौपाल सुशांत शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर शव काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। उधर, एसडीएम ठियोग मुकेश शर्मा ने कहा कि मृतक के परिजनों को 20 हजार फौरी राहत दे दी गई है।





