Home » Uncategorized » जीएमसी हमीरपुर में अब एचएससीसी स्थापित करेगी फर्नीचर और मशीनरी

जीएमसी हमीरपुर में अब एचएससीसी स्थापित करेगी फर्नीचर और मशीनरी

हमीरपुर : निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर स्थित जोलसप्पड़ में प्रथम चरण में फर्नीचर और मशीनरी लगाने का कार्य अब हॉस्पिटल सर्विसिस कंसलटेंसी कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचएससीसी) करेगी। पूर्व में सरकार ने यह कार्य मेडिकल कॉर्पोरेशन को दिया था, लेकिन उन्होंने कोई कार्य नहीं किया। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के जोलसप्पड़ में अप्रैल तक शिफ्ट करने की योजना थी। मगर अकादमिक ब्लॉक और 250 बिस्तर वाले अस्पताल परिसर में फर्नीचर सहित अन्य मशीनरी स्थापित नहीं हो पाई थी। इस कारण मेडिकल कॉलेज आज तक शिफ्ट नहीं हो सका।मेडिकल कॉर्पोरेशन की लेटलतीफी का भुगतान जिला की जनता कर रही है, क्योंकि कॉलेज के नए कैंपस में शिफ्ट करने पर लोगों को और बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी थीं। अब सरकार ने मेडिकल कॉर्पोरेशन की जगह एचएससीसी कंपनी को मेडिकल कॉलेज के नए भवन में फर्नीचर लगाने व मशीनरी इंस्टॉल करने का कार्य दिया है। दो माह में इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, यानी दिसंबर माह तक कार्य पूरा होगा। ऐसे में देखना यह होगा कि दिसंबर माह तक यह कार्य हो पाता है या नहीं। क्योंकि स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल और स्वास्थ्य सचिव भी शीघ्र कार्य करने के लिए मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों को आदेश दे चुके हैं। करीब एक साल से अकादमिक ब्लाक में फर्नीचर लगाने के लिए खरीद का मामला मेडिकल कॉरपोरेशन के पास लंबित था। इस कार्य के लिए लंबे समय से कॉलेज प्रबंधन की ओर से पत्राचार किया जा रहा था, लेकिन कार्य अधर में लटका रहा। अब यह कार्य हॉस्पिटल सर्विसिस कंसलटेंसी कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचएससीसी) को सौंपा गया है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज के नए कैंपस में जल्द शिफ्ट होने की उम्मीद बढ़ गई है। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में चल रहा है। यहां पर जगह और सुविधाओं की कमी से मरीजों के साथ डाक्टरों और स्टाफ को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के जोलसप्पड़ स्थित परिसर में फर्नीचर और मशीनरी लगाने का कार्य अब एचएससीसी को दिया गया है। कंपनी को दिसंबर तक कार्य पूरा करने करने का लक्ष्य दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *