कुल्लू : कुल्लू जिला के मनाली में एक होटल में पुलिस ने देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें पंजाब की महिला दलाल सहित होटल का रिसैप्शनिस्ट शामिल है। आरोपियों की पहचान अविनाश (21) पुत्र रामस्वरूप निवासी गांव गोआंटी, डाकघर गाड़, तहसील आनी व जिला कुल्लू और राजबिंद्र कौर उर्फ जशप्रीत (25) पत्नी सुखबिंद्र निवासी गांव जयरामपुर डाकघर टिलगांब तहसील व जिला कपूरथला पंजाब के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस जब ट्रैफिक ड्यूटी पर मौजूद थी तो उसे मुखबिर से सूचना मिली कि हडिम्बा रोड पर स्थित एक निजी होटल का रिसैप्शनिस्ट अविनाश होटल में देह व्यापार के लिए कमरे उपलब्ध करवाता है जबकि राजबिंद कौर उर्फ जशप्रीत पैसों का लालच देकर युवतियों से देह व्यापार करवाती है। इस सूचना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया तथा पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले में आगामी तफ्तीश एसएचओ मनीश द्वारा अमल में लाई जा रही है।





