Home » Uncategorized » भारत बंद LIVE: बिहार के जहानाबाद में नेशनल हाइवे जाम, SC-ST आरक्षण में क्रीमी लेयर का विरोध

भारत बंद LIVE: बिहार के जहानाबाद में नेशनल हाइवे जाम, SC-ST आरक्षण में क्रीमी लेयर का विरोध

Bharat Bandh Today Live Updates: दलित और आदिवासी संगठनों ने हाशिए पर पड़े समुदायों के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व और सुरक्षा की मांग को लेकर बुधवार को ‘भारत बंद’ का आह्वान किया है। नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ दलित एंड आदिवासी ऑर्गेनाइजेशन्स (NACDAOR) ने मांगों की एक सूची जारी की है जिसमें अनुसूचित जातियों (SC), अनुसूचित जनजातियों (ST) और अन्य पिछड़े वर्गों (OBC) के लिए न्याय और समानता की मांग शामिल हैं। संगठन ने हाल में सुप्रीम कोर्ट की सात न्यायाधीशों की पीठ द्वारा सुनाए गए फैसले के प्रति विपरीत दृष्टिकोण अपनाया है, जो उनके अनुसार, ऐतिहासिक इंदिरा साहनी मामले में नौ न्यायाधीशों की पीठ द्वारा लिए गए फैसले को कमजोर करता है, जिसने भारत में आरक्षण की रूपरेखा स्थापित की थी।

सरकार से फैसले को खारिज करने की मांग

एनएसीडीएओआर ने सरकार से अनुरोध किया है कि इस फैसले को खारिज किया जाए क्योंकि यह अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के संवैधानिक अधिकारों के लिए खतरा है। संगठन एससी, एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण पर संसद द्वारा एक नये कानून को पारित करने की भी मांग कर रहा है जिसे संविधान की नौवीं सूची में समावेश के साथ संरक्षित किया जाए।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने सभी व्यापारिक संगठनों से दिन भर के विरोध प्रदर्शन के दौरान बाजार बंद रखने का आग्रह किया है। आज स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद नहीं रहेंगे। अभी तक सरकारी कार्यालयों, बैंकों, स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग और पेट्रोल पंपों को बंद करने की कोई घोषणा नहीं की गई है।

जानिए बंद को लेकर अब तक का अपडेट

बिहार मे बंद का असर
बिहार के जहानाबाद में भारत बंद का असर दिखने लगा है। सुबह से बंद समर्थकों ने जहानाबाद के उंटा मोड़ को जाम कर दिया है। जाम के कारण पटना गया NH 83 पर आवागमन बाधित है ।
राजस्थान में बंद का आह्वान
SC-ST आरक्षण को लेकर आज राजस्थान बंद का आह्वान। जयपुर समेत 16 जिलों के स्कूलों में छुट्टी। परीक्षाएं स्थगित, भरतपुर में बंद को कांग्रेस का समर्थन। प्रदेश के 16 जिलों में जिला कलेक्टरों ने स्कूलों में छुट्टी घोषित की। तीन यूनिवर्सिटी ने आज होने वाली परीक्षा भी स्थगित कर दी है। भरतपुर में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक इंटरनेट भी बंद रहेगा। गंगापुर सिटी जिले के टोडाभीम में सरकारी स्कूल विशनपुरा के 12 टीचरों ने सीबीईओ को सामूहिक एप्लिकेशन देकर 21 अगस्त की छुट्टी मांगी है। जयपुर ग्रामीण के फुलेरा, चंदवाजी, रेनवाल और अचरोल, कोटा में शराब की दुकानें बंद रहेंगी। उधर, कई व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने इस बंद का विरोध भी किया है। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एडवाइजरी जारी की है। जयपुर कमीशनर ने शांति भंग करने वालों के साथ कड़ाई से निपटने को कहा है। बीजेपी नेता डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने इस बंद को बेतुका बताते हुए कहा है कि – इसकी कोई जरूरत नहीं है। भारत बंद करने वाले राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। क्रीमीलेयर को लेकर देश में जिस तरह से व्यवहार चल रहा है, उसमें मैं सुप्रीम कोर्ट के फैसले के साथ हूं।

Leave a Comment