
शिमला: करोड़ों रुपये के क्रिप्टोकरेंसी ठगी मामले में एक नया खुलासा हुआ है। मामले के मुख्य आरोपी सुभाष ने पंजाब के जुनेजा के खाते में 40 लाख रुपये डाले थे। जुनेजा मुख्य आरोपी सुभाष का दोस्त बताया जा रहा है। पुलिस एसआईटी ने जुनेजा के बैंक खाते में पड़ी 40 लाख रुपये की राशि सीज कर दी है। अब पुलिस को जुनेजा की तलाश है। जब से राशि को सीज किया गया, तब से आरोपी फरार है। बताया जा रहा है कि 24 अगस्त को आरोपी ने हाईकोर्ट में जमानत लगाई है। हिमाचल में हुए करोड़ों रुपये के क्रिप्टोकरेंसी ठगी मामले में मुख्य आरोपी सुभाष के दोस्त जुनेजा के बैंक खाते में पड़ी 40 लाख रुपये की राशि सीज कर दी है। 2500 करोड़ रुपये के इस घोटाले में अब तक शिमला कोर्ट में चौथी चार्जशीट दायर की जा चुकी है। पहली चार्जशीट दिसंबर 2023 में दायर की गई थी। इसके बाद दूसरी जनवरी 2024, तीसरी मार्च 2024 और अब जुलाई 2024 में चौथी चार्जशीट दायर हुई है। इस घोटाले में अब तक 25 आरोपियों की करीब 40 करोड़ की चल-अचल संपत्ति जब्त की जा चुकी है। इनमें आरोपी सुभाष, हेमराज, अभिषेक और सुखदेव और अन्य एजेंट शामिल हैं। बता दें कि इन चारों पर आरोप है कि इन्होंने हिमाचल के लोगों को ठगने का जाल बुना। निवेशकों को जोड़ने वाले एजेंटों को मोटी कमीशन दी जाती थी।





