रिकांगपिओ : हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन के चलते पहाड़ी इलाकों में सफर करना खतरे से खाली नहीं है। जिला किन्नौर के राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 की बात करें तो निगुलसरी ब्लॉक प्वाइंट पर सफर करना दिन-प्रतिदिन जोखिम भरा हो रहा है, क्योंकि ब्लॉक प्वाइंट पर पहाड़ी से अचानक पत्थर तथा मलबा गिर रहा है, जिससे जानमाल को भी क्षति पहुंच रही है। वीरवार शाम को भी उक्त प्वाइंट पर एक वाहन (एचपी 01एए-0374 ) पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिर गए। हादसे के दौरान कार सवार 3 लोग बाल-बाल बच गए। कार सवारों ने बताया कि वे शिमला की तरफ जा रहे थे कि निगुलसरी ब्लॉक प्वाइंट पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरना शुरू हो गए। ये देखकर उन्होंने तुरंत कार से बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। वहीं कार पत्थरों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। एसएचओ भावानगर शिव कुमार ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर निगुलसरी ब्लॉक प्वाइंट में पहाड़ी से अचानक पत्थर तथा मलबा गिर रहा है, ऐसे में सावधानी से वाहन चलाएं।





