
शिमला: हिमाचल प्रदेश के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। 58 से 60 वर्ष सेवानिवृत्ति आयु करने के लिए कार्मिक विभाग ने वित्त विभाग को पत्र भेजा है। विभिन्न चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठनों की मांग पर सरकार ने इस बाबत विचार शुरू किया है। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मई 2024 को इस संदर्भ में आए आदेशों पर भी सरकार ने अमल करना शुरू कर दिया है। राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने से पहले कार्मिक विभाग ने वित्त विभाग से मामले को लेकर पूरी जानकारी मांगी है। वित्त विभाग की मंजूरी मिलने के बाद कैबिनेट की मंजूरी के लिए फाइल भेजी जाएगी। विभिन्न चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बीते लंबे समय से सेवानिवृत्ति आयु को बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारी संगठनों का तर्क है कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के साथ भेदभाव हो रहा है। जो कर्मचारी 10 मई 2001 के बाद सरकारी सेवाओं में लगे हैं, उन्हें 60 वर्ष की आयु पूरी करने पर सेवानिवृत्त नहीं किया जा रहा है। जबकि मई 2001 से पहले नियुक्त कर्मी 60 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त हो रहे हैं।





