सोलन : सोलन जनपद में सुबाथू अर्बन एन०ए०टी०सी० कोऑपरेटिव सोसाइटी में करोड़ों रुपए के गबन मामले में सोलन पुलिस ने बाप -बेटे को गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपियों की पहचान सुशील गर्ग (74) और उसके पुत्र मनन गर्ग (44) को रूप में हुई है। आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है। एसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गबन में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है। जांच में यह भी पता चला कि सुशील गर्ग, पिछले 27 वर्षों से सोसाइटी का चेयरमैन था। इसी दौरान उसने सोसायटी के मैनेजर और अन्य पदाधिकारियों की मिली भगत से अपने और अपने रिश्तेदारों को करोड़ों रुपए के ऋण आबंटित किए। उसने अपने बेटे मनन गर्ग को भी करीब 8 करोड़ का ऋण दिलवाकर सोसाइटी के धन का गबन किया, जिसे अब वो वापस नहीं लौटा रहा हैं। सोसाइटी के मौजूदा चेयरमैन संदीप गुप्ता ने पूर्व चेयरमैन सुशील गर्ग और सेक्रेटरी अमर कश्यप पर 18 करोड़ रुपये से अधिक के गबन का आरोप लगाया था। रिकॉर्ड की पड़ताल करने पर पता चला कि सुशील गर्ग और अमर लाल कश्यप ने सहकारिता विभाग द्वारा जारी निर्देशों की अनदेखी करते हुए तत्कालीन प्रबंध समिति से कोई प्रस्ताव किए बिना अपने दोस्तों, परिवार के सदस्यों और व्यावसायिक सहयोगियों को बिना किसी सिक्योरिटी के और लिमिट से ज्यादा करोड़ों रुपयों का ऋण वितरित किया है। आरोपी सुशील गर्ग फ़रार चल रहा था।





