मंडी : नगर निगम मंडी के दौंहदी वार्ड के बगला में एक टैक्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बुधवार को बगला में उस समय हुआ जब चालक ट्रैक्टर को बैक कर रहा था तो उसे समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नीचे फोरलेन पर जा गिरा। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक 72 वर्षीय रतन सिंह पुत्र गोबिंद राम निवासी लुणापानी की मौत हो गई। बताया गया है कि रतन सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगला के समीप मंदिर में माथा टेकने आया था। इस दौरान वह स्कूल के प्रवेशद्वार के बाहर खाली जगह पर ट्रैक्टर को पार्क कर रहा था। रिवर्स करते वक्त ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नीचे फोरलेन पर जा गिरा। फोरलेन पर गिरते ही ट्रैक्टर 2 हिस्सों में बंट गया। इस दौरान चालक भी ट्रैक्टर के साथ गिर गया था। हादसे के बाद चालक को मेडिकल काॅलेज पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद चालक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




