शिमला : आगामी बरसात के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग पूरी तरह से तैयार है। बरसात से निपटने के लिए विभाग ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर 13 हजार श्रम शक्ति को तैनात किया है। साथ ही 206 जेसीबी, 110 बुल्डोजर, 20 रोबो मशीन तथा 17 वैली ब्रिज भी तैनात कर दिए हैं, ताकि आपात स्थिति में बहाली व राहत कार्य सुनिश्चित किए जा सकें। यह बात उन्होंने बुधवार को शिमला में मानसून की तैयारियों को लेकर लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक करने के उपरांत पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारियों को आवश्यकता पड़ने पर और अधिक श्रम शक्ति एवं मशीनरी की तुरंत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पिछले वर्ष बरसात के दौरान उपजी स्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रतिकूल परिस्थितियों से निपटने के दृष्टिगत कार्य प्रणाली अपनाने के निर्देश दिए हैं।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की तर्ज पर डिपॉजिट वर्क में भी जिन ठेकेदारों के 2 कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाते हैं, उन्हें भविष्य में तब तक नए कार्य आबंटित नहीं किए जाएंगे, जब तक वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाते। उन्होंने कहा कि जो ठेकेदार गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हैं एवं समय सीमा का उल्लंघन नहीं करते, उन्हें काम के आधार पर 3 से अधिक नई निर्माण परियोजना का कार्य प्रदान करने के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की लागत वृद्धि बढ़ने से रोकने के लिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पर्याप्त बजट प्रावधान होने पर ही निर्माण कार्य आरम्भ किया जाए।




