Home » Uncategorized » सिरमौर: लापता हैड कांस्टेबल के परिजनों का DC-SP ऑफिस के बाहर हंगामा, पत्नी बोली-सुक्खू जी ढूंढकर ला दीजिए मेरा पति

सिरमौर: लापता हैड कांस्टेबल के परिजनों का DC-SP ऑफिस के बाहर हंगामा, पत्नी बोली-सुक्खू जी ढूंढकर ला दीजिए मेरा पति

नाहन: सिरमौर कालाअंब थाने में तैनात हेड कांस्टेबल के लापता होने का मामला तूल पकड़ चुका है. हेड कांस्टेबल के परिजनों सहित ग्रामीणों ने डीसी कार्यालय पर धरना दिया और एसपी के खिलाफ नारेबाजी की. साथ ही जिला के एडीएम एलआर वर्मा के समक्ष भी परिजनों सहित ग्रामीणों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े किए हैं. यही नहीं परिजनों व ग्रामीणों ने जिला पुलिस के किसी भी अधिकारी से मामले की जांच न करवाकर सीधे उच्च स्तर पर जांच करवाने की मांग जिला प्रशासन से की है. धरने में शामिल लोगों ने एसपी पर लापता हेड कान्स्टेबल जसबीर सैनी को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं. इसके साथ ही परिजनों ने एडीएम सिरमौर एलआर के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भी भेजा है.

लापता कांस्टेबल जसवीर सैनी की पत्नी ने मीडिया के सामने रोते हुए कहा कि उनके पति को प्रताड़ित किया जा रहा था. प्रताड़ना के चलते वो डिप्रेशन में थे. 24-24 घंटे की ड्यूटी के बाद भी उन्हें खाना खाने तक का समय भी नहीं दिया जाता था. एसपी इस मामले में खुद शामिल हैं. मामले की जांच उनसे ना करवाकर उच्च अधिकारियों से करवाई जाए. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उनके पति पर मारपीट के मामले में बेवजह 307 धारा जोड़ने का दबाव बना रहे थे. इसके चलते उन्हें प्रताड़ित किया गया था. पत्नी ने आंखों में आंसू लिए सीधे शब्दों में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू से मामले में हस्ताक्षेप करने गुहार लगाई है.

कांस्टेबल जसवीर सैनी की पत्नी ने बताया कि वीडियो बनाने के बाद उनकी मेरे साथ बात हुई थी. उन्होंने फोन पर एसपी ऑफिस में प्रताड़ित करने की बात कही थी. उसके बाद उनसे उनकी कोई बातचीत नहीं हुई. रात 11 बजे के करीब वो काला अंब थाना से निकल गए थे. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद परिवार ने उनके साथ संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. अगले दिन सुबह 11 बजे थाना में फोन करने के बाद उन्हें पति के लापता होने की बात पता चली, लेकिन थाने की ओर से उन्हें उनके लापता होने की कोई सूचना नहीं दी गई थी.

उधर मौके पर परिजनों सहित ग्रामीणों ने एडीएम सिरमौर के समक्ष पुलिस अधिकारी की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े किए. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें सिरमौर पुलिस सहित किसी भी अधिकारी पर कतई भरोसा नहीं है. इसलिए मामले की जांच उच्च स्तर पर की जाए. जसबीर का पता ना चलने पर उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा. उधर एडीएम एलआर वर्मा ने कहा कि परिजनों व ग्रामीणों की मांग है कि लापता हैड कांस्टेबल के मामले की जांच उच्च स्तर पर करवाई जाए. लिहाजा मामला जांच के लिए सरकार को भेजा जा रहा है.
बता दें कि हेड कांस्टेबल जसवीर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में जसवीर ने कहा है कि वरिष्ठ अधिकारी उन्हें मारपीट के एक मामले में आरोपी पक्ष पर धारा 307 लगाने का गलत दवाब बना रहे हैं. साथ कांस्टेबल ने विभाग से इस्तीफा देने की भी बात कही थी. वीडियो वायरल होने के बाद कांस्टेबल जसवीर लापता चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *