शिमला: चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भाजपा की नवनिर्वाचित सांसद कंगना रनोट को थप्पड़ मारने की खबर आ रही है। यह थप्पड़ एयरपोर्ट पर तैनात CISF की महिला सुरक्षाकर्मी की तरफ से मारा गया। इसका नाम कुलविंदर कौर बताया जा रहा है। कंगना रनोट बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री हैं। हाल ही में उन्होंने हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा का चुनाव जीता है। उन्हें BJP ने कांग्रेस के मंत्री विक्रमादित्य के खिलाफ टिकट दी थी। गुरूवार को वह चंडीगढ़ एयरपोर्ट से दिल्ली मीटिंग में आ रही थी। तब यह वाक्या हुआ। यह कहा जा रहा है कि कंगना को थप्पड़ किसानों से जुड़े बयानों को लेकर मारा गया है। सूत्रों के मुताबिक इस बारे में कंगना ने एयरपोर्ट पुलिस थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। जिसके बाद CISF की कर्मचारी को हिरासत में ले लिया गया है। उससे अब थप्पड़ मारने को लेकर पूछताछ की जा रही है।जानकारी के मुताबिक किसान आंदोलन को लेकर कंगना की पंजाब की महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर दोनों के बीच कोई बहस हुई। जिसके बाद थप्पड़ मारने की नौबत आ गई। इसको लेकर एयरपोर्ट पर 10 से 15 मिनट तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद कंगना विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट से दिल्ली रवाना हो गई। सिक्योरिटी चेकइन के वक्त हुआ वाक्या
शुरूआती जानकारी के मुताबिक हिमाचल की मंडी सीट से नवनिर्वाचित सांसद कंगना रनोट फ्लाइट संख्या UK707 से चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए यात्रा करने वाली थी। सिक्योरिटी चेकइन के बाद जब वह बोर्डिंग के लिए जा रही थी, इसी दौरान एलसीटी कुलविंदर कौर सीआईएसएफ यूनिट चंडीगढ़ एयरपोर्ट ने उन्हें थप्पड़ मारा। इसके बाद कंगना रनोट के साथ यात्रा कर रहे मयंक मधुर नाम के व्यक्ति ने कुलविंदर कौर को थप्पड़ मारने की कोशिश की।
DSP एयरपोर्ट बोले- गलत व्यवहार की सूचना मिली, CISF जांच कर रही
इस बारे में डीएसपी एयरपोर्ट कुलजिंदर सिंह ने बताया कि उनके पास अभी थप्पड़ मारने की शिकायत नहीं आई है। मगर, CISF की एक महिला जवान ने कंगना रनोट के साथ गलत व्यवहार किया है। इसकी सूचना आई है। इस मामले में अभी CISF जांच कर रही है। जो महिला कर्मचारी है, उससे पूछताछ कर रही है। यह मामला किसान आंदोलन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। जब इस मामले में कोई शिकायत आएगी तो वह इस पर कार्रवाई करेंगे।





