शिमला : हिमाचल प्रदेश में चार लोकसभा और छ: विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनाव के बाद कल यानी चार जून को मतगणना होना है। हिमाचल प्रदेश में मतगणना के लिए 31 मतगणना केंद्रों बनाए गए हैं। यहां सुबह आठ बजे से वोटो की गिनती शुरू होगी। दोपहर के बाद हिमाचल प्रदेश के चारों लोकसभा सीटों के नतीजों को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में 71 प्रतिशत हुआ था मतदान
हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और शिमला में 71 प्रतिशत मतदान हुए। निर्वाचन विभाग की ओर से मत प्रतिशतता बढ़ाने के हरसंभव प्रयास किए गए। छह विधानसभा उपचुनावों में सबसे अधिक मतदान ऊना जिला के तहत आने वाले कुटलैहड विधानसभा क्षेत्र में 76 प्रतिशत हुआ।
6 विधानसभा सीटों के लिए भी होगी काउंटिग
हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि मतगणना को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई है। हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों और छ: विधानसभा के लिए हुए उपचुनाव के काउंटिंग के लिए मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के भी पुख्ता व्यवस्था किए गए है।उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए 72 स्टेशन बनाए गए हैं। इसमें 68 पर ईवीएम मशीनों के वोटों की गिनती होगी। वहीं 4 स्टेशन पोस्टल बैलेट मतों की गणना के लिए बनाए गए हैं।





