शिमला : हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वोटिंग होने के बाद अब एग्जिट पोल के नतीजे भी आ गए हैं. कुछ एग्जिट पोल में जहां कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो रहा है, वहीं, कुछ में एक सीट कांग्रेस के खाते में जा रही है. वहीं, एग्जिट पोल पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मण्डी संसदीय क्षेत्र से निवर्तमान सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि लोकसभा के चुनाव परिणाम एग्जिट पोल के विपरीत आएंगे और देश मे इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी. हालांकि, उन्होंने ईवीएम पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा है कि प्रदेश के चारों लोकसभा व छह विधानसभा चुनाव परिणाम भी कांग्रेस के पक्ष में आएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 400 पार का नारा असफल हो गया है और भाजपा 200 पार भी नहीं कर पाएगी. उन्होंने कहा कि चुनावों में भाजपा ने मुद्दों पर कोई बात नहीं की. बढ़ती मंहगाई और बेरोजगारी पर पूरी तरह खामोश रही. प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में भारी मतदान किया है. उन्होंने कहा कि 4 जून चुनाव परिणाम पूरी तरह कांग्रेस के पक्ष में ही आएंगे. प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उन्होंने चुनाव परिणाम प्रभावित करने के लिए जो जो हथकंडे अपनाएं हैं, वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और अनाप-शनाप बयानबाजी कर लोगों में भय पैदा करने का असफल प्रयास किया गया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को धनबल से कमजोर करने की कोशिश की गई है, लेकिन जनबल ने इसे पूरी तरह नकार दिया है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ने इन चुनावों को बड़ी मजबूती के साथ लड़ा है और प्रदेश के लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में ही भारी मतदान किया है. उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई होगी तो देश के साथ साथ प्रदेश के सभी चुनाव नतीजे कांग्रेस के पक्ष में अप्रत्याशित चौंकाने वाले होंगे. प्रतिभा सिंह ने दावा किया कि उनकी मण्डी संसदीय सीट पर विक्रमादित्य सिंह की जीत पक्की है और वह रिकार्ड मतों से अपनी जीत का परचम लहराएंगे. उन्होंने कहा कि मण्डी संसदीय क्षेत्र के लोगों पहले भी कांग्रेस के साथ थे और इस बार भी पूरी तरह कांग्रेस के ही साथ है. विक्रमादित्य सिंह ने मण्डी के विकास का जो विजन लोगों के समक्ष रखा है. लोगों ने अपने मत से उन्हें अपना पूरा समर्थन दिया है. ऐसा उन्हें पूरा विश्वास हैं।





