Home » Uncategorized » ऊना आने वाली तीन पैसेंजर ट्रेन रद्द, हिमाचल एक्सप्रेस 11 घंटे देरी से पहुंची

ऊना आने वाली तीन पैसेंजर ट्रेन रद्द, हिमाचल एक्सप्रेस 11 घंटे देरी से पहुंची

ऊना : पंजाब के सरहिंद माधोपुर के पास रविवार सुबह दो मालगाड़ियों के टकराने से जिला ऊना आने वाली ट्रेनों की रफ्तार थम गई। इसके चलते ऊना तक आवागमन करने वाली तीन पैसेंजर ट्रेनों को रेलवे बोर्ड ने रद्द कर दिया है। दिल्ली से ऊना आने वाली हिमाचल एक्सप्रेस करीब 11 घंटे की देरी से यहां पहुंची हैं। ट्रेन हादसे के चलते कई ट्रेनों के रूट को डायवर्ट करने पड़े और ट्रैक क्लीयर होने तक कई ट्रेनों को देरी से गंतव्य स्टेशन की ओर बढ़ना पड़ा। इसके चलते तड़के 06:40 बजे पहुंचने वाली हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन ऊना में लगभग 11 घंटे की देरी से रविवार शाम 05:37 बजे पहुंची। हालांकि ट्रेन बीती रात शनिवार को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से निर्धारित 10:50 बजे ऊना के लिए रवाना हुई थी, लेकिन सरहिंद के पास दो मालगाड़ियों के टकराने से ट्रेन को देरी का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर हरिद्वार से वाया सहारनपुर, अंबाला होकर ऊना के लिए आने वाली ट्रेन भी सरहिंद और ऊना के बीच रद्द करनी पड़ी। ट्रेन हरिद्वार से रविवार को तड़के 04:30 बजे ऊना के लिए चली। सरहिंद जंक्शन पर ट्रेन निर्धारित 09:18 बजे पहुंची, पर इसे यहीं पर थमना पड़ा। यह ट्रेन ऊना के लिए रद्द करनी पड़ी। इसके अलावा अंबाला से दोपहर 1:40 बजे ऊना के चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को यहां रद्द करना पड़ा। वहीं, जो ट्रेन 07:40 बजे ऊना के लिए चलती है, उसे भी रद्द किया गया है। दूसरी ओर वापसी में ऊना से गुजरात जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस मोरिंडा जंक्शन के आगे एक घंटे की देरी से आगे बढ़ी। दो मालगाड़ियों के टकराने की घटना सामने आई है। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत कार्य किया गया है। एक लाइन शुरू कर दी गई और कुछ देर में दूसरी लाइन को भी शुरू कर दिया गया। कुछ ट्रेनों को डायवर्ट कर चलाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]