Home » Uncategorized » हिमाचल में होगा 22 पुलों का निर्माण, इन पांच जिलों में खर्च होंगे 139.78 करोड़

हिमाचल में होगा 22 पुलों का निर्माण, इन पांच जिलों में खर्च होंगे 139.78 करोड़

शिमला : लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रदेश के पांच जिलों में 22 पुलों के निर्माण के लिए 139.78 करोड़ रुपये केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि यह धनराशि जिला चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, सोलन व ऊना में पुलों के निर्माण पर व्यय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला चम्बा में 3.19 करोड़ रुपये की लागत से एक पुल, जिला कुल्लू में 7.11 करोड़ रुपये की लागत से एक पुल, जिला सोलन में 16.79 करोड़ रुपये की लागत से चार पुल, जिला कांगड़ा में 39.19 करोड़ रुपये की लागत से पांच पुल तथा जिला ऊना में 73.50 करोड़ रुपये की लागत से 11 पुलों का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर राज्य में अधोसंरचना विकास को ध्यान में रखते हुए केंद्र के समक्ष प्रदेश हित के मुद्दों को उठाया जाता रहा है, जिसके फलस्वरूप केंद्र द्वारा आज सम्पर्क सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं कई बार प्रदेशवासियों के कल्याण से जुड़े मुद्दों एवं प्रदेश के हितों को केंद्र सरकार के समक्ष उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसे लेकर केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत विभिन्न परियोजनाओं के लिए 139.78 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने के लिए केंद्र सरकार एवं श्री गडकरी का प्रदेश सरकार की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन पुलों के निर्माण से स्थानीय लोगों के लिए यातायात की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी तथा पर्यटकों के लिए भी प्रदेश भ्रमण सुगम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *