मंडी: हिमाचल प्रदेश में डॉक्टरों को मिलने वाले एनपीए को बंद नहीं किया जाएगा, इस बात का ऐलान स्वास्थ्य मंत्री डा. धनी राज शांडिल ने कहा कि पहले से तैनात डॉक्टरों को एनपीए मिल रहा है, जबकि आगे तैनात होने वाले डॉक्टरों के एनपीए को बंद करने की योजना थी, लेकिन उनका एनपीए भी बंद नहीं किया जाएगा. इसके साथ ही डॉक्टरों की 4-9-14 और अन्य मांगों को भी सरकार पूरा करने की दिशा में प्रयास कर रही है.
मंत्री शांडिल ने बताया कि बुधवार को डॉक्टर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए शिमला बुलाया गया है. सरकार भी इनकी मांगों को पूरा करने की दिशा में कार्य कर रही है. शांडिल ने डॉक्टरों की तरफ से ब्यूरोक्रेसी पर लगाए जा रहे आरोपों पर बोलते हुए कहा कि कभी-कभार पेट्रन के तहत कुछ बातें हो जाती हैं, जिनपर भी सरकार काम कर रही है.
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग को स्वस्थ करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं. जहां-जहां पर खाली पद चल रहे हैं, उन्हें भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है. जल्द ही 200 डॉक्टरों के पदों को भरा जाएगा और स्टाफ नर्सों के पदों को भरने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है. उन्होंने कहा कि जो विशेषज्ञ डाक्टर सिर्फ शहरी क्षेत्रों में सेवाएं देने में डटे हुए हैं उन्हे ग्रामीण क्षेत्रों में भेजने की योजना बनाई जा रही है ताकि दूर दराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य की सेवाएं बेहतर हो सकें.
हिमाचल में पेन डाउन स्ट्राइक पर डॉक्टर
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर्स बीते 55 दिन से रोजाना दो घंटे पेन डाउन हड़ताल कर रहे हैं. एनपीए बहाली के लिए डॉक्टर सरकार से मांग कर रहे हैं. कई अस्पतालों में ऑपरेशन भी इस कारण नहीं हो रहे हैं. प्रदेशभर के अस्पतालों में मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा है.





