मनाली: पर्यटन नगरी मनाली के नेहरूकुंड में भारी हिमस्खलन हुआ है। सड़क किनारे खड़े लगभग 5 वाहन हिमस्खलन की चपेट में आ गए हैं। इनमें 2 वाहन (एचपी 02के-7004) जिप्सी व कैम्पर गाड़ी (एचपी 58ए-6380) क्षतिग्रस्त हुई है जबकि 3 अन्य वाहनों को आंशिक नुक्सान पहुंचा है। हालांकि इस घटना में जानी नुक्सान नहीं हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस जवान व प्रशासन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों सहित बी.आर.ओ. की मदद से गाड़ियों को निकाला। सुबह सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी की थीं कि अचानक पहाड़ी में हिमस्खलन हो गया। हिमस्खलन की आवाज सुनकर लोग व चालक सुरक्षित स्थानों की तरफ भाग गए लेकिन सड़क में खड़ी गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। हिमस्खलन आने से बड़ा हादसा टल गया है। सोलंगनाला में भारी हिमपात को देखते हुए मनाली प्रशासन ने पर्यटक वाहनों को नेहरूकुंड से आगे जाने पर रोक लगा दी है। हालांकि आज यही स्थान सैलनियों का स्नो प्वाइंट भी बनना था लेकिन सुबह के समय यह हादसा हो गया। यही हादसा दोपहर के समय होता तो जानी नुक्सान भी हो सकता था। एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा ने बताया कि नेहरूकुंड में हिमस्खलन होने से 5 गाड़ियों को नुक्सान पहुंचा है। ग्रामीणों व बीआरओ की मदद से गाड़ियों को निकाल लिया है। हिमस्खलन से कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है, लेकिन वाहन क्षगिग्रस्त हुए हैं। नुक्सान का आकलन किया जा रहा है। वहीं डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि हालात व पूर्वानुमान को देखते हुए पर्यटकों के बाहंग से आगे जाने पर रोक लगा दी थी। पुलिस जवानों ने सतर्कता बरतते हुए किसी भी पर्यटक को बाहंग व नेहरुकुंड से आगे जाने नहीं दिया। सोलंगनाला की ओर पर्यटकों की आवाजाही हालात पर निर्भर रहेगी।





