शिमला: नगर निगम शिमला का वार्षिक बजट 15 फरवरी को पेश होने जा रहा है. महापौर सुरेंद्र चौहान अपना पहला बजट पेश करेंगे, जिसे लेकर 9 फरवरी को महापौर द्वारा अधिकारियों के साथ बैठक की गई. इस बैठक में बजट बनाए जाने को लेकर चर्चा हुई. इस वार्षिक बजट में शहर की सफाई व्यस्था सुचारू बनाने को लेकर एक अच्छा खासा बजट खर्च हो सकता है. इसके अलावा सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण को लेकर भी बजट का एक बड़ा हिस्सा खर्च किया जा सकता है।
पूर्व के महापौर और पार्षदों से मांगे गए थे सुझाव
अपना पहला बजट पेश करने के लिए महापौर सुरेंद्र चौहान द्वारा नगर निगम के पूर्व में रहे सभी महापौर, उप महापौर और पार्षदों से सुझाव मांगे गए थे. इन सुझावों को महापौर द्वारा बैठक में अधिकारियों के समक्ष रखा गया और इस पर चर्चा की गई. बजट से पहले की इस बैठक में बजट की रूपरेखा के साथ यह भी तय किया गया कि किस क्षेत्र को कितना बजट दिया जाना है.
पिछले बजटों से हट कर रहेगा इस बार का बजट
नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि इस बार का बजट थोड़ा हट कर रहेगा और आम जनता को इसमें राहत दी जाएगी. बता दें कि शिमला में आपदा के दौरान काफी नुकसान हुआ है, इस कारण बजट पर सबकी निगाहें रहने वाली है. शहर के लोगों, कारोबारियों, भवन मालिकों को इस बजट से काफी उम्मीदें है. स्थानीय जनता को इस बजट से नई सौगातें मिलने की उम्मीद है.




