धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में नवगठित राज्य चयन आयोग नए साल में भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। आयोग के माध्यम से आपरेशन थियेटर असिस्टेंट (ओटीए) की भर्ती परीक्षा पायलट आधार पर आयोजित की जाएगी। बुधवार देर शाम यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्णय पर पहुंचने से पहले आयोग के गठन को लेकर बनाई कमेटी के प्रमुख डॉ. दीपक सानन ने विदेश से ऑनलाइन प्रस्तुति दी। फरवरी में पेपर लीक मामला सामने आने के बाद सरकार ने राज्य कर्मचारी चयन आयोग को भंग कर दिया गया था। इससे नई भर्ती प्रक्रिया बंद पड़ी हुई थी। अब राज्य चयन आयोग के माध्यम से भर्ती होने से नौकरी का इंतजार कर रहे बेरोजगार युवाओं को राहत मिलेगी। कैबिनेट बैठक में अगले शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के सभी सरकारी प्राथमिक स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू करने का निर्णय भी लिया गया। स्कूलों को स्मार्ट वर्दी खरीदने का अधिकार भी सरकार ने दिया। अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू होने से कांग्रेस की एक और चुनावी गारंटी पूरी हो जाएगी।
खेल विभाग में 25 प्रशिक्षकों के पद भरने का निर्णय भी लिया गया
मंत्रिमंडल की बैठक में खेल विभाग में 25 प्रशिक्षकों के पद भरने का निर्णय भी लिया गया। प्रदेश सरकार द्वारा घोषित राजीव गांधी स्वरोजगार योजना के मसौदे को भी स्वीकृति दी गई। विधानसभा के शीतकालीन सत्र में प्रस्तुत किए जाने वाले संशोधन विधेयकों को भी स्वीकृति मिली। हिमाचल प्रदेश जल उपकर आयोग का नाम जल आयोग करने का संशोधन विधायक विधानसभा के इसी सत्र में पेश होगा। मंत्रिमंडल की बैठक में ऊर्जा विभाग ने भी प्रस्तुति दी।
इसके माध्यम से विभाग के अधिकारियों ने पावर ट्रेडिंग कंपनी में बिजली बोर्ड व हिमाचल पावर कारपोरेशन की अलग-अलग हिस्सेदारी से कैबिनेट को अवगत करवाया। बैठक में नवनियुक्त दो मंत्री राजेश धर्माणी व यादवेंद्र गोमा भी पहली बार शामिल हुए।





