Home » Uncategorized » आज पूरे प्रदेश में भाजपा करेगी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, जानिए क्यों ?

आज पूरे प्रदेश में भाजपा करेगी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, जानिए क्यों ?

शिमला: हिमाचल प्रदेश में प्रदेश सरकार जहां अपना एक साल कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला में जश्न मना रही है तो  वहीं विपक्षी दल भाजपा इसे आक्रोश दिवस के रूप में मना रहा है। इस कड़ी में भाजपा सोमवार को प्रदेश में जिला मंडी व कांगड़ा को छोडकऱ अन्य सभी जगह जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगी। जिला मंडी में 12 दिसम्बर तथा जिला कांगड़ा में 18 दिसम्बर को विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। पार्टी ने इन दोनों बड़े जिलों में इस आक्रोश प्रदर्शन को बड़े स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है, साथ ही जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन में जिले के सभी पार्टी विधायक, विधानसभा चुनावों में पार्टी प्रत्याशी तथा बड़े नेता मौजूद रहेंगे। इस दौरान पार्टी लोगों के बीच एक पत्रक भी वितरित करेगी। इस पत्रक को जहां विरोध प्रदर्शन के दौरान वितरित किया जाएगा, वहीं इसे मंडल स्तर पर भी वितरित करने का कार्यक्रम है, ताकि इसे प्रदेश के सभी लोगों तक पहुंचाया जा सके। इस 4 पेज के सरकार के एक साल में प्रदेश हुआ बदहाल विषय पर बनाए इस पत्रक में प्रदेश सरकार की एक साल की विफलताओं का उल्लेख किया गया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल व पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज सहित पार्टी के पदाधिकारी, नेता व कार्यकर्ता आक्रोश दिवस पर शिमला में होने वाले विरोध प्रदर्शन में भाग लेंगे। इस मौके पर सुबह 11 बजे सभी लोग सीटीओ के पास एकत्र होंगे तथा सीटीओ से लोअर बाजार होते हुए शेर-ए-पंजाब तक विरोध रैली निकाली जाएगी। इस दौरान लोगों को सरकार के खिलाफ पार्टी द्वारा तैयार पत्रक भी बांटा जाएगा। वहीं कुल्लू में संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के समापन पर बतौर मुख्यातिथि पहुंचे नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इतनी नाकामियों के बाद भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार जश्न मनाने चली है। प्रदेश सरकार का एक साल निराशा और नाकामियों से भरा रहा। उन्होंने कहा कि सरकार का एक साल बिना काम किए बीत गया। मुझे हैरानी है कि कुछ न करने के बावजूद ये जश्न मनाने जा रहे हैं। प्रदेश में त्रासदी के कारण 500 लोगों की जिंदगी चली गई और सरकार जश्न मना रही है। जहां प्रदेश में हजारों लोग बेघर हो गए, वहीं सरकार को जश्न की पड़ी है। प्रदेश में ऋण लेने के सारे रिकाॅर्ड कांग्रेस सरकार ने तोड़ दिए और 12 महीने में 12 हजार करोड़ का ऋण ले लिया। इनकी गारंटियां पूरी नहीं हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12
[democracy id="1"]
[adsforwp id="47"]