शिमला: हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा हो गया है. 11 दिसंबर 2012 को सुक्खू सरकार का गठन हुआ था. ऐसे में सरकार के एक साल पूरे होने पर धर्मशाला में बड़ा आयोजन हो रहा है और जश्न मनाया जा रहा है. इस जश्न में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी शामिल हो रही हैं और वह शिमला पहुंची हैं.
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे. कार्यकर्ताओं को सभा स्थल पर पहुंचाने के लिए प्रदेश भर से परिवहन निगम की करीब 800 बसों की व्यवस्था की गई है. बता दें कि सोमवार को पुलिस मैदान धर्मशाला में यह कार्यक्रम होगा और 1200 पुलिस जवानों ने सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया है. उधर, वन-वे व्यवस्था सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी. ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों से भी शहर में हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी. कार्यक्रम शुरू होने से पूर्व कांग्रेस नेताओं का रोड शो भी होगा और रोड़ शो वार मेमोरियल से लेकर सिविल लाइन तक निकाला जाएगा. दावा है कि रैली स्थल पर 25 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जश्न नहीं, कार्यक्रम है. 10 में से तीन गारंटी पूरी की है. उसके बारे में बताना है. जनता और कार्यकर्ताओं को जागरूक करना है. भाजपा ने हमारी गारंटियों पर सवाल उठाए हैं. आर्थिक बदहाली के बावजूद विकास कार्य किए हैं और प्रदेश पर 85 हजार करोड़़ की देनदारी है. सरकार ने आपदा में उजड़े लोगों को बसाने का काम किया है. सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार से कोई मदद नहीं मिली है. सरकारी क्षेत्र में अब तक 20 हजार नौकरियां मंजूर की हैं. सीएम ने कहा कि सबसे छोटा मंत्रिमंडल व्यवस्था परिवर्तन का हिस्सा है. 2027 तक हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा है.





