Home » ताजा खबरें » प्रदेश में फोरलेन के निर्माण के कारण हुआ सबसे ज्यादा नुकसान : अनिल शर्मा

प्रदेश में फोरलेन के निर्माण के कारण हुआ सबसे ज्यादा नुकसान : अनिल शर्मा

मंडी : हिमाचल प्रदेश में बरसात में हुई भयंकर तबाही का कारण प्रदेश में अवैज्ञानिक तरीके से हो रहे फोरलेन का निर्माण है। जिसके कारण पहाड़ों को काटा गया और तबाही का मंजर सभी और देखने को मिला। इसके बाद आज हिमाचल प्रदेश में आई आपदा से निपटने के लिए सभी को पार्टी स्तर से ऊपर उठकर हिमाचल प्रदेश के पुननिर्माण के लिए कार्य करने व सहयोग देने की जरूरत है। यह बात मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने बुधवार को मंडी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि केंद्रीय परिवहन मंत्री को इस बारे में बताया जाना चाहिए था कि ऊना व हमीरपुर की तरह मंडी और मनाली में फोरलेन नहीं बनाया जा सकता है। विधायक का आरोप है कि मंडी मनाली फोरलेन को अवैज्ञानिक ढंग से बनाया जा रहा है जो तबाही का कारण बना और आने वाले समय में भी इससे ज्यादा लोगों को परेशानी होने का खतरा बना हुआ है। क्योंकि यहां पर ड्रेनेज सिस्टम को सही नहीं बनाया गया है।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार के लोक निमार्ण विभाग के मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि वह अभी नए हैं कुछ भी बोल देते हैं और उन्हें धरातल पर कैसे काम करना है इस बात का अभी तजुर्बा कम है। वहीं उन्हें सलाह भी दी कि सड़क निर्माण में जो गलतियां पिछली सरकारों के समय में की गई हैं यदि वही दोहराई गई तो केंद्र की मदद आने वाले दो वर्षों में फिर से मिट्टी हो जाएगी।

वहीं पत्रकार वार्ता के दौरान अनिल शर्मा ने बताया कि वह जल्दबाजी में ऐसा कार्य नहीं करना चाहते जिसके परिणाम आने वाले समय में फिर से विपरीत हों। उन्होंने बताया कि सदर विधानसभा क्षेत्र में प्रभावित सड़कों, पुलों, सिवरेज, बिजली पानी आदी के लिए पुख्ता प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंडी शहर में टूटे पंचक्त्र पुल की भी डीपीआर बनाई जा रही है और इसका निर्माण हाई फ्लड लेवल से उपर किया जाएगा ताकि आने वाले समय में पुल का बचाव हो सके।

वहीं विधायक ने कहा कि मंडी के शिवधाम और यूनिवर्सिटी के मुद्दे को वह आगामी विधानसभा के सत्र में पुरजोर तरीके से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि मंडी में विकास के लिए केंद्र व प्रदेश से हर संभव प्रयास जारी रहेगें। उन्होंने कहा कि मंडी शहर को लेकर उनका जो वीजन है उसे वह पूरा करने का प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *