सोलन: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आज दो दिवसीय हिमाचल के दौरे पर पहुंच गई हैं। इस दौरान वह सबसे पहले कुल्लू, मंडी व सोलन जिला में जाकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगी। जिसके बाद आज शाम 4:30 तक मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर पहुंचने का कार्यक्रम है। जहां पर वह मुख्यमंत्री के साथ बैठक करेंगी।
हिमाचल पहुंचने पर प्रियंका गांधी आज कुल्लू, मंडी, सोलन ज़िला में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगी और नुकसान का जायज़ा लेगी। इस दौरान आपदा प्रभावित लोगों से भी मिलेंगी। उसके बाद आज शाम को छराबड़ा अपने निवास स्थान रुकेंगी और कल शिमला में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
इस दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रियंका गांधी के दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वह भी प्रियंका गांधी के दौरे के दौरान उनके साथ मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री और प्रतिभा सिंह भी साथ में मौजूद दिखे ।
इससे पहले, चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, वह मनाली, कुल्लू और पंडोह क्षेत्रों का दौरा करेंगी जहां वह बाढ़ और भूस्खलन के कारण पीड़ित परिवारों से बातचीत करेंगी। उनके 13 अक्टूबर को शिमला के बारिश प्रभावित इलाकों का दौरा करने की संभावना है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्य में बारिश से हुई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और विशेष राहत पैकेज की मांग की है।
सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को नई दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित रात्रिभोज में प्रधान मंत्री से मुलाकात की थी और उन्हें जुलाई और अगस्त में भारी बारिश के कारण बुनियादी ढांचे को हुए गंभीर नुकसान और जानमाल के नुकसान से अवगत कराया था। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि आपदा के कारण 400 से अधिक लोगों की जान चली गई और 13 हजार से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए, इससे हजारों परिवार बेघर हो गए। सुक्खू ने मोदी को बताया कि आपदा के परिणामस्वरूप राज्य को 12,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।





