शिमला : हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में शरारती तत्वों ने कल यानी 17 अगस्त को स्कूलों-कॉलेजों में छुट्टी की अधिसूचना से जुड़ा फेक आदेश(fake orders) तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। ये फेक अधिसूचना शिक्षा सचिव अभिषेक जैन और संयुक्त सचिव सुनील वर्मा के नाम से जारी हुई है।
शिक्षा सचिव ने इसे फेक करार दिया है। ऐसे में गुरुवार को प्रदेश में स्कूल-कॉलेज समेत अन्य शिक्षण संस्थान खुले रहेंगे। जिलों व उपमंडलों में अवकाश को लेकर संबंधित जिलाधीशों व एसडीएम की ओर से ही आदेश जारी किए जाएंगे। अभी तक शिमला शहरी और शिमला ग्रामीण के एसडीएम ने गुरुवार यानी 17 अगस्त को शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल छुट्टी के फेक ऑर्डर को लेकर शिक्षा सचिव अभिषेक जैन ने बताया कि इस फेक अधिसूचना की शिकायत साइबर सेल से की गई है। साइबर सैल इसकी जांच कर फेक अधिसूचना के लैटर को बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर केवल 16 अगस्त को शिक्षण संस्थानों में छुट्टी करने का फैसला लिया गया था, जबकि 17 अगस्त को छुट्टी करने का कोई निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम, बरसात और भूस्खलन को देखते हुए जिला दंडाधिकारी और एसडीएम शिक्षण संस्थानों को बंद करने का निर्णय ले रहे हैं।





