Home » ताजा खबरें » चंडीगढ़-मनाली NH यातायात के लिए अस्थायी तौर पर बहाल

चंडीगढ़-मनाली NH यातायात के लिए अस्थायी तौर पर बहाल

मंडी : चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे को यातायात के लिए अस्थायी तौर पर बहाल कर दिया गया है। पिछले कल सुबह 6 मील के पास पहाड़ी से हुए भूस्खलन के कारण यहां पर हाईवे फिर से बंद हो गया था। प्रशासन ने सारे मलबे को हटाकर हाईवे को पूरी तरह से यातायात के लिए बहाल करने की बात कही थी और दो दिनों तक हाईवे के बंद रहने की सूचना जारी की थी। लेकिन इतने में मंडी से कुल्लू वाया कटौला मार्ग भी यातायात के लिए बंद हो गया। ऐसे में प्रशासन द्वारा हाईवे को अस्थायी तौर पर यातायात के लिए बहाल करना पड़ा। हालांकि हाईवे से सभी प्रकार के छोटे बड़े वाहन गुजारे जा रहे हैं। जो बड़ी गाड़ियां फंसी हुई थी उन्हें अब यहां से जाने दिया जा रहा है। अभी भी यहां पर 90 प्रतिशत मलबा हटाने को है जिसे आने वाले समय में हटाया जाएगा। हालांकि हाईवे बहाल करने के साथ-साथ मलबा हटाने का कार्य भी जारी रखा गया है।

सदर थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि 6 मील के पास हाईवे सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया गया है। जो लोग कुल्लू-मनाली की तरफ जा रहे हैं या वहां से आ रहे हैं, वे हाईवे से होकर अपना सफर कर सकते हैं।

वहीं दूसरी तरफ कुल्लू के लिए वाया गोहर-चैलचौक मार्ग भी यातायात के लिए पूरी तरह से बहाल है। लेकिन मंडी कुल्लू वाया कटौला मार्ग कमांद और सालगी के पास भूस्खलन के कारण बंद है। यहां पर सड़क का काफी बड़ा हिस्सा ढह गया है। इसे बहाल करने में अभी समय लग सकता है। हालांकि पुलिस ने शाम तक इस सड़क को भी यातायात के लिए बहाल करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *