शिमला : हिमाचल प्रदेश के शीतकालीन (winter) अवकाश वाले सरकारी और निजी स्कूल मानसून ब्रेक के बाद मंगलवार से खुल जाएंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में बारिश के अलर्ट को देखते हुए 17 जुलाई तक मानसून अवकाश बढ़ाया था। अब प्रदेश शिक्षा विभाग ने मंगलवार से दोबारा स्कूल खोलने का निर्णय लिया है।
इसके बाद शिमला जिला में एसडीएम रोहड़ू, ठियोग, जुब्बल और रामपुर ने अपने स्तर पर छुट्टियों को 2 दिन आगे 19 जुलाई तक बढ़ाने का निर्णय ले लिया है। जिला किन्नौर, पांगी, भरमौर क्षेत्र में भी 17 जुलाई तक अवकाश बढ़ाया गया था। यहां भी सडक़ों व मौसम की स्थिति को देखते हुए ही स्थानीय प्रशासन व शिक्षा विभाग स्कूल खोलने के संबंध में निर्णय लेगा।
उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा 11 जुलाई को जारी आदेशों के अनुसार शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में 10 से 15 जुलाई तक छह दिनों के मानसून ब्रेक की घोषणा की थी। इसके बाद 16 को रविवार का अवकाश था व मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए विभाग ने एक दिन का अवकाश ओर बढ़ाया था।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि जिन क्षेत्रों में मौसम की स्थिति सामान्य नहीं होगी, वहां स्थानीय एसडीएम व जिला उपनिदेशक शिक्षा अपने स्तर पर स्कूल बंद करने का निर्णय ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के चलते प्रदेश के कई स्कूल भवनों को भी नुकसान पुहंचा है और कई क्षेत्रों में अभी तक सडक़ मार्ग भी बहाल नहीं हो पाए हैं।
ऐसे क्षेत्रों में एसडीएम व शिक्षा उपनिदेशकों पर स्कूल बंद करने का निर्णय छोड़ दिया गया है। ये अधिकारी अपने यहां मौसम पूर्वानुमान के हिसाब से भी फैसला ले सकेंगे।





