Home » ताजा खबरें » सेब से महंगा हुआ प्लम, अहमदाबाद में 130 रुपये किलो बिका, सीजन के रिकॉर्ड दाम

सेब से महंगा हुआ प्लम, अहमदाबाद में 130 रुपये किलो बिका, सीजन के रिकॉर्ड दाम

शिमला : शिमला जिले के कोटखाई की बखोल पंचायत का ब्लैक अंबर प्लम 130 रुपये प्रति किलो की रिकॉर्ड कीमत पर बिका। बागवान मनोज चौहान ने अपनी फसल गुजरात की अहमदाबाद फल मंडी भेजी थी। वहां दस किलो का ब्लैक अंबर प्लम का एक बॉक्स 1,300 रुपये की कीमत पर बिका। ब्लैक अंबर प्लम ने सेब को भी मात दी है। ढली फल मंडी में इन दिनों सेब औसतन 100 रुपये प्रति किलो की कीमत पर बिक रहा है।

बागवान मनोज चौहान ने बताया कि हिमाचल की मंडियों में ब्लैक अंबर प्लम को 40 से 60 रुपये प्रति किलो से अधिक रेट नहीं मिल रहे। इसलिए उन्होंने अपनी प्लम को प्रदेश से बाहर बेचने का फैसला लिया। अच्छे रेट हासिल करने के लिए उन्होंने मार्केट तलाशी। ट्रायल के तौर पर गुजरात की अहमदाबाद फल मंडी में ब्लैक अंबर प्लम बेचने का फैसला किया। बेहतर गुणवत्ता के चलते फसल के रिकॉर्ड दाम मिले।

मनोज का कहना है कि अगर उत्पाद की गुणवत्ता बढ़िया है और पैकिंग आकर्षक है तो अच्छे रेट मिलना तय है। न्यू फ्रूट मार्केट नरोदा रोड अहमदाबाद की एचजी संस फर्म के संचालक अमित भाई ने बताया कि शिमला के प्लम की गुणवत्ता बहुत बढि़या थी। आकार बड़ा और रंग गहरा था। माल पका हुआ नहीं था। इसलिए इसे 1,300 का रिकार्ड रेट मिला है। मंडी में ग्राहक ने इस माल को हाथों हाथ लिया। गुजरात के बड़े माल और फाइव स्टार होटलों में यह प्लम उपलब्ध होगा।

  • ब्लैक अंबर प्लम की सबसे बड़ी खासियत ये है कि शेल्फ लाइफ सामान्य स्थिति में 15 दिन और कोल्ड स्टोर में तीन महीने तक है। इस प्लम को तैयार करने में स्प्रे और केमिकल इस्तेमाल नहीं होता, यही कारण है कि प्लम की यह किस्म दूरदराज क्षेत्रों तक आसानी से पहुंचाई जा सकती है। सामान्य प्लम की शेल्फ लाइफ एक हफ्ते से अधिक नहीं होती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]