Home » ताजा खबरें » हिमाचल में 3 रुपये महंगा हुआ डीजल, सुक्खू सरकार ने बढ़ाया वैट…

हिमाचल में 3 रुपये महंगा हुआ डीजल, सुक्खू सरकार ने बढ़ाया वैट…

शिमला : हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने डीजल पर मूल्य वर्धित कर (वैट) तीन रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिया है।

डीजल पर वैट में संशोधन के संबंध में शुक्रवार को अधिसूचना जारी की गयी है, जो आधी रात से लागू हो जाएगी। अधिसूचना के मुताबिक राज्य सरकार ने डीजल पर वैट 9.96 फीसदी से बढ़ाकर 13.9 फीसदी प्रति लीटर कर दिया है।

इस बढ़ोतरी के बाद डीजल पर वैट, जो पहले 7.40 रुपये प्रति लीटर था, अब 10.40 रुपये प्रति लीटर होगा। इससे राज्य में प्रति लीटर डीजल की कीमत मौजूदा 86 रुपये से बढ़कर 89 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। सुक्खू सरकार ने सत्तासीन होने के बाद दो मर्तबा डीजल पर वैट बढ़ाया है। इससे पहले इसी साल सात जनवरी को भी डीजल पर वैट तीन फीसदी बढ़ाया गया था। दिसंबर 2022 में जब सुक्खू सरकार ने सत्ता संभाली थी, तब डीजल पर वैट 4.40 रुपये प्रति लीटर था, जो अब बढ़कर 10.40 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

बता दें कि हिमाचल की पिछली भाजपा सरकार ने नवंबर 2021 में पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले वैट में क्रमशः 7.5% और 8% की कटौती कर जनता को राहत दी थी। तब वैट कम होने से प्रदेश में पेट्रोल 12 और डीजल 17 रुपये प्रति लीटर सस्ता हुआ था, लेकिन सुक्खू सरकार के इस फैसले से डीजल के रेट में बढ़ोतरी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *