शिमला : देशभर के कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है. उत्तर भारत के कई हिस्सों में रविवार को मेघ जमकर बरसे. भूस्खलन और बारिश के कारण 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि दिल्ली में यमुना सहित अधिकांश नदियां उफान पर आ गई है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली सहित कई जगहों पर बारिश से बेकाबू होते हालात की भयावह तस्वीरें, जलमग्न सड़कों पर कागज की नावों की तरह तैरती गाड़ियां, टूटते पुल, आवासीय क्षेत्रों में गंदा पानी, उफनती नदियां और जमीन धंसने से तटों पर डूबे मंदिर और घर के वीडियो सामने आए.
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है शिमला मौसम कार्यालय के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सोलन में रविवार को 135 मिमी बारिश हुई, जिससे 1971 में एक दिन में 105 मिमी बारिश का 50 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया, जबकि ऊना में 1993 के बाद सबसे अधिक बारिश हुई है.
बता दे कि हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन की तीन अलग-अलग घटनाओं में 10 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि यहां 5 लोगों की मौत हो गई. शिमला के कोटगढ़ इलाके में भूस्खलन के बाद एक घर ढहने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. कुल्लू और चंबा जिलों से एक-एक मौत हो गई है. शिमला के बाहरी इलाके रझाणा गांव में बारिश के पानी में बहकर आया भारी मात्रा में मलबा एक लड़की के घर पर गिर गया. अधिकारियों ने कहा कि इसमें एक बुजुर्ग महिला मलबे में फंसी हुई है और बचाव अभियान जारी है.
आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार पिछले 36 घंटों में 14 बड़े भूस्खलन और 13 जगहों पर बाढ़ की सूचना मिली है, जबकि 700 से अधिक सड़कें बंद कर दी गई हैं. हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य से संबद्ध सभी स्कूलों और कॉलेजों को 2 दिन यानी सोमवार और मंगलवार के लिए बंद कर दिया है.





